home page

बजट नीरस और घाटे से भरा, प्रदेश वित्तीय संकट की ओर: जयराम ठाकुर

 | 
बजट नीरस और घाटे से भरा, प्रदेश वित्तीय संकट की ओर: जयराम ठाकुर


शिमला, 21 मार्च (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्य सरकार के बजट पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे 9,668 करोड़ रुपये के भारी घाटे वाला और पूरी तरह नीरस बताया है। उन्होंने कहा कि चार घंटे से अधिक लंबा बजट भाषण केवल औपचारिकता बनकर रह गया, क्योंकि उसमें कोई ठोस दिशा या स्पष्ट योजना नजर नहीं आई।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि यह बजट प्रदेश के विकास को गति देने के बजाय पीछे धकेलने वाला है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से हिमाचल प्रदेश वित्तीय आपातकाल की ओर बढ़ रहा है, जो चिंता का विषय है।

उन्होंने वेतन स्थगन के फैसले को सरकार की कमजोर आर्थिक स्थिति का संकेत बताते हुए कहा कि इससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ेगा। साथ ही विधायक क्षेत्र विकास निधि में कटौती को उन्होंने जनप्रतिनिधियों के अधिकारों पर सीधा हमला करार दिया।

नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह बजट केवल राजनीतिक समय निकालने का प्रयास है, जिसमें जनता की अपेक्षाओं और प्रदेश के समग्र विकास को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला