home page

प्रदेश में विकास ठप, दिल्ली दौड़ में व्यस्त मुख्यमंत्री : जयराम ठाकुर

 | 
प्रदेश में विकास ठप, दिल्ली दौड़ में व्यस्त मुख्यमंत्री : जयराम ठाकुर


चंबा, 18 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रविवार को भरमौर विधानसभा क्षेत्र के लिल्ह में आयोजित नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मान सम्मेलन में शिरकत कर जनप्रतिनिधियों को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने सुक्खू सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार पंचायत चुनाव करवाने से बचने के प्रयास कर रही थी, लेकिन भाजपा ने सर्वोच्च न्यायालय तक लड़ाई लड़कर चुनाव करवाने के लिए मजबूर किया। उन्होंने दावा किया कि पंचायत चुनावों के नतीजों से कांग्रेस सरकार के प्रति जनता की नाराजगी स्पष्ट हुई है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं और मुख्यमंत्री प्रदेश की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय दिल्ली के दौरे में व्यस्त हैं। उन्होंने कानून-व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी सवाल उठाए। आरोप लगाया कि सरकार के पास अपनी कोई नई योजना या उपलब्धि नहीं है और उसका अधिकतर समय पूर्व भाजपा सरकार की योजनाओं तथा संस्थानों को बंद करने में बीत रहा है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को सत्ता से बाहर होना पड़ेगा।

कैबिनेट विस्तार पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के कैबिनेट विस्तार को लेकर जयराम ठाकुर ने कहा कि यदि मंत्री बनाने के लिए आलाकमान से चर्चा जरूरी थी, तो सदन में घोषणा क्यों की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री पद की उम्मीद लगाए बैठे नेताओं को भी इंतजार करवाया जा रहा है। उनके अनुसार, सरकार ने मातृशक्ति, युवाओं, व्यापारियों और अपने नेताओं को निराश किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर प्रदेश में विकास कार्यों को गति दी जाएगी।

टैक्सी परमिट की अवधि बढ़ाने पर जताया आभार

टैक्सी परमिट की अवधि 12 से बढ़ाकर 15 साल करने के फैसले पर मनाली टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष ने जयराम ठाकुर से मिलकर आभार जताया। पालमपुर समेत अन्य टैक्सी यूनियनों ने भी फोन पर धन्यवाद दिया। जयराम ठाकुर ने कहा कि इस निर्णय से टैक्सी ऑपरेटरों को लाभ मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने इस मामले में अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई और केंद्र पर जिम्मेदारी डालती रही। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि परमिट संबंधी फैसले के क्रियान्वयन में अनावश्यक अड़चनें न डाली जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला