home page

कैग रिपोर्ट ने खोली सुक्खू सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन की पोल : जयराम ठाकुर

 | 
कैग रिपोर्ट ने खोली सुक्खू सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन की पोल : जयराम ठाकुर


शिमला, 04 सितंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि मानसून सत्र के अंतिम दिन विधानसभा में पेश महालेखा परीक्षक (कैग) की ऑडिट रिपोर्ट ने सुक्खू सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन और कथित भ्रष्टाचार को उजागर कर दिया है। शिमला से जारी बयान में उन्होंने कहा कि ऑनलाइन टेंडरिंग, खरीद प्रक्रिया और टैक्स वसूली समेत विभिन्न मामलों में अनियमितताएं सामने आई हैं, जिससे प्रदेश को राजस्व का नुकसान हुआ।

जयराम ठाकुर ने कहा कि बिना बजट के करीब 438 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जबकि बिना खर्च किए 673 करोड़ रुपये की योजनाओं के प्रावधान किए गए। उन्होंने कहा कि प्रदेश का राजस्व और राजकोषीय घाटा लगातार बढ़ रहा है और सरकार को इन वित्तीय अनियमितताओं के कारण स्पष्ट करने चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष ने ई-प्रोक्योरमेंट प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी विभागों और सार्वजनिक उपक्रमों में एक ही आईपी एड्रेस से बोलियां लगाए जाने तथा बोलियों में मामूली अंतर पाए जाने की बात ऑडिट रिपोर्ट में सामने आई है। उन्होंने इसकी निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि विभागीय संसाधनों के दुरुपयोग और कथित मिलीभगत की सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए।

उन्होंने सरकार की एक प्रमुख नियुक्ति को रद्द कर पात्र व्यक्ति की नियुक्ति के आदेश का स्वागत किया। जयराम ने कहा कि सरकार को मनमाने फैसलों से बचते हुए संविधान और कानून के दायरे में काम करना चाहिए।

श्री कृष्ण मंदिर में की पूजा-अर्चना

जन्माष्टमी के अवसर पर जयराम ठाकुर ने शिमला के गंज बाजार स्थित श्री कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और प्रसन्नता की कामना करते हुए सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता से भी शिष्टाचार भेंट की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला