अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
मंडी, 29 सितंबर (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस-2026 के सफल आयोजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को डीआरडीए सभागार मंडी में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती ने की। बैठक में 7 से 8 अक्टूबर तक आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस का उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा, समानता और सम्मान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों का सफल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के तहत छात्राओं के लिए बालिका खेल महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसमें रस्साकशी, टेबल टेनिस, बैडमिंटन और शतरंज जैसी प्रतियोगिताएं शामिल करने पर चर्चा की गई।
इसके अतिरिक्त निबंध लेखन, पोस्टर मेकिंग और स्लोगन लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन भी प्रस्तावित है। चयनित प्रतिभागियों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मिशन शक्ति, मिशन वात्सल्य, सक्षम आंगनवाड़ी और पोषण-2.0 सहित विभिन्न योजनाओं पर आधारित सूचना स्टॉल लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता, साइबर सुरक्षा और कानूनी जागरूकता से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाएगी। स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों तथा महिला उद्यमिता को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
बालिकाओं की शिक्षा, समानता, सुरक्षा और गरिमा पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

