अल कबीर बीफ कंपनी से कबीर शब्द हटाने की मांग, राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन
मंडी, 05 अगस्त (हि.स.)। अंतराष्ट्रीय कबीर पंथी महासंघ एवं श्री कबीर मंदिर गुरुद्वारा कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजकर भारत में संचालित अल कबीर लिमिटेड बीफ कंपनी के नाम से कबीर शब्द हटाने की मांग उठाई। प्रदेशाध्यक्ष एवं श्री कबीर मंदिर गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान रूप सिंह कौडल ने कहा कि तेलंगाना के मेडक जिले में संचालित उक्त कंपनी के नाम में कबीर शब्द होने से देश-विदेश में बसे करोड़ों कबीर पंथियों की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कबीर पंथी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष परम पूज्य बापू महंत श्री चूड़ामणि साहेब के नेतृत्व में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि कंपनी के नाम से कबीर शब्द तत्काल हटाया जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि तीन माह के भीतर इस संबंध में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो देशभर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
ज्ञापन में केंद्र सरकार से विद्यालयों की पाठ्य पुस्तकों में कबीर दास के स्थान पर सद्गुरु कबीर साहेब लिखने तथा सद्गुरु कबीर प्रकट दिवस पर प्रतिवर्ष राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने की भी मांग की गई है। रूप सिंह कौडल ने राष्ट्रपति एवं केंद्र सरकार से इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया। इस अवसर पर कबीर पंथ से जुड़े कबीर कल्याण बोर्ड कर सदस्य सिधु राम भारद्वाज, खेम चंद, रूप लाल कौडल, धर्म सिंह कश्यप , विरी सिंह कश्यप,बालक राम रत्न सिंह समेत अन्य पदाधिकारी एवं श्रद्धालु भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

