home page

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने किया जनगणना के कार्य का निरीक्षण

 | 
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने किया जनगणना के कार्य का निरीक्षण


हमीरपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। उपायुक्त एवं जिला हमीरपुर की प्रधान जनगणना अधिकारी गंधर्वा राठौड़ ने बुधवार को फील्ड में जाकर कई गांवों में जनगणना के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने हमीरपुर के निकटवर्ती गांव चौकी कनकरी और आस-पास के क्षेत्रों में जाकर फील्ड में जनगणना-2027 के पहले चरण की प्रक्रिया के तहत मकानों की गणना एवं सूचीकरण का कार्य कर रहे प्रगणकों और सुपरवाइजरों से इस महत्वपूर्ण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की तथा उनसे सहयोग की अपील की।

उपायुक्त ने प्रगणकों और सुपरवाइजरों से कहा कि वे मकानों की गणना एवं सूचीकरण के कार्य को 15 जुलाई तक हर हाल में पूरा करें। उन्होंने कहा कि मकानों की गणना एवं सूचीकरण के दौरान सही डाटा अपलोड होना चाहिए। इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए। उपायुक्त ने स्थानीय लोगों से भी कहा कि जनगणना का कार्य राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। जनगणना-2027 की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटाइज किया गया है, जिसे दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में मकानों के सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 15 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद अगले वर्ष वास्तविक जनगणना की जाएगी।

उपायुक्त ने लोगों से अपील की है कि वे घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को सही जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि जनगणना-2027 के सही आंकड़े सामने आ सकें और भविष्य में इन्हीं आंकड़ों के अनुसार जिला के लिए उपयुक्त योजनाएं तैयार की जा सकें।

----

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा