पच्छाद में इंस्टाग्राम शॉपिंग के नाम पर 5.64 लाख की ठगी, सीबीआई का डर दिखाकर वसूले पैसे
नाहन, 15 अक्टूबर (हि.स.)।
पुलिस थाना पच्छाद के अंतर्गत 5,64,000 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। शिकायतकर्ता भावना शर्मा पुत्री देवेन्द्र शर्मा, निवासी सराहन, तह. पच्छाद, जिला सिरमौर ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई कि उसने इंस्टाग्राम पर एक शॉपिंग पेज देखा था, जिसके माध्यम से उसने सामान मंगवाने का निर्णय लिया। इस संबंध में उसकी बातचीत उक्त पेज के संचालक से हुई।
कुछ दिनों बाद उसे एक फोन कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने बताया कि उसका सामान कस्टम विभाग द्वारा पकड़ लिया गया है और उसे छुड़ाने के लिए जुर्माना देना होगा। उसने पैसे न देने पर मुकदमा दर्ज करने तथा सी बी आई द्वारा गिरफ्तार करवाने की धमकी दी। इसके बाद वे लोग उसे डराकर पैसे मांगने लगे और कहने लगे कि जैसा वे कहेंगे, वैसा करने पर ही उसे कथित केस से बाहर निकाला जाएगा। उसे अलग-अलग मोबाइल नंबरों से दिन-रात लगातार फोन कॉल किए जाते रहे। कॉल करने वाले अलग-अलग व्यक्ति स्वयं को सी बी आई एवं पुलिस विभाग का अधिकारी बताते थे। उन्होंने अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर सी बी आई एवं पुलिस अधिकारियों की तस्वीरें भी लगा रखी थीं।
शिकायतकर्ता के साथ कुल 5,64,000 रुपये की धोखाधड़ी हुई है। पुलिस थाना पच्छाद में मामला दर्ज कर आगामी जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

