home page

इंडस ग्लोबल स्कूल में आनंदोत्सव की धूम

 | 
इंडस ग्लोबल स्कूल में आनंदोत्सव की धूम


मंडी, 28 फ़रवरी (हि.स.)। इंडस ग्लोबल में आनंद उत्सव कार्यक्रम मनाया गया जिसने स्कूल के पीपी 1 से लेकर कक्षा 2 तक के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी, विशिष्ट अतिथि, अभिभावकों और शिक्षकों की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं गणपति वंदना से हुआ।

देश भक्ति से सराबोर नृत्य के माध्यम से नन्हे मुन्ने कलाकारों ने एकता और अखंडता का संदेश दिया। रेट्रो थीम पर आधारित प्रस्तुति ने पुराने स्वर्णिम दौर के गीतों और नृत्यों को पुनर्जीवित किया। राजस्थानी नृत्य और नाटी ने पारंपरिक लोकनृत्य, रंगीन परिधानों और लोकसंगीत के साथ सांस्कृतिक विविधता का मनोहारी चित्र प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के अंत में पंजाबी प्रस्तुति ने जोश और ऊर्जा से भरपूर माहौल बना दिया, जिसमें तालियों की गड़गड़ाहट के बीच पूरा सभागार झूम उठा।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वर्ष भर के उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित भी किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में नन्हे मुन्ने कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना की और माता-पिता से गुजारिश की गई कि बच्चों पर किसी भी तरह का दबाव न डाला जाए ।बच्चे अपनी पसंद से जो करना चाहते हैं उन्हें करने दे और सबसे महत्वपूर्ण बात की बच्चे नशे से दूर रहे और बेटियों के लिए संदेश दिया कि वह जितनी उड़ान उड़ना चाहती हैं उतना उड़े।

प्रधानाचार्य सोनिया पवार ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सांस्कृतिक समझ को बढ़ाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा