home page

शााेध: एआई गणितीय मॉडल- वन्यजीवों की आबादी में बदलाव का लगाएगा अनुमान

 | 
शााेध: एआई गणितीय मॉडल- वन्यजीवों की आबादी में बदलाव का लगाएगा अनुमान


मंडी, 20 नवंबर (हि.स.)। आईआईटी मंडी के शोधकर्ताओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीकों पर आधारित एक नया गणितीय मॉडल विकसित किया है। यह मॉडल वन्यजीवों की आबादी में होने वाले बदलावों का अनुमान लगाने में मदद करेगा। इसके माध्यम से वैज्ञानिक यह समझ सकेंगे कि शिकारी और शिकार प्रजातियों की संख्या एक-दूसरे को किस प्रकार प्रभावित करती है। भविष्य में उनकी आबादी में क्या बदलाव हो सकते हैं। खास बात यह है कि कम या अनियमित आंकड़े उपलब्ध होने पर भी यह मॉडल अनुमान लगाने में सक्षम है।

यह शोध अमेरिका के मिशिगन राज्य में स्थित लेक सुपीरियर की 544 वर्ग किलोमीटर में फैली आइल रॉयल नेशनल पार्क में भेड़ियों और मूस की आबादी पर आधारित है। इस पार्क में भेड़िये मूस के प्रमुख प्राकृतिक शिकारी हैं। भेड़ियों के सर्दियों के भोजन का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा मूस से आता है। यहां वर्ष 1959 से इन दोनों प्रजातियों की आबादी का हर साल रिकॉर्ड रखा जा रहा है। यह दुनिया में शिकारी और शिकार प्रजातियों की आबादी से जुड़े सबसे लंबे समय से चल रहे रिकॉर्ड में से एक है।

पिछले कई दशकों में इन दोनों प्रजातियों की संख्या में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 1980 के दशक की शुरुआत में एक बीमारी फैलने के कारण भेड़ियों की संख्या में तेजी से गिरावट आई थी। वहीं, 1990 के दशक के मध्य में मूस की आबादी में भी बड़ी कमी दर्ज की गई थी। ऐसे बदलावों को समझना जरूरी है, क्योंकि शिकारी और शिकार प्रजातियों के बीच असंतुलन पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को प्रभावित कर सकता है।

यह शोध स्कूल ऑफ मैथमेटिकल एंड स्टैटिस्टिकल साइंसेज की प्रोफेसर डॉ. नीतू कुमारी और उनके पीएचडी शोधार्थी अनुराग सिंह ने किया है।

शोधकर्ताओं ने एक ऐसा मॉडल तैयार किया है, जो पुराने आंकड़ों के आधार पर यह अनुमान लगाता है कि मूस की आबादी कितनी तेजी से बढ़ती है। भेड़ियों की संख्या में प्राकृतिक रूप से किस तरह बदलाव आता है और शिकार के कारण मूस की संख्या पर क्या प्रभाव पड़ता है। इन अनुमानों के आधार पर यह मॉडल अगले पांच वर्षों तक दोनों प्रजातियों की आबादी में होने वाले बदलावों का पूर्वानुमान लगा सकता है।

शोध के दौरान वैज्ञानिकों ने यह समझने के लिए दो अलग-अलग तरीके अपनाए कि भेड़िये किस प्रकार मूस का शिकार करते हैं। अध्ययन में पाया गया कि शिकारी और शिकार कीसंख्या के बीच संबंधों पर आधारित मॉडल दूसरे तरीके की तुलना में अधिक प्रभावी रहा। यह मॉडल पुराने आंकड़ों में आबादी में अचानक आई असामान्य गिरावट की पहचान करने में भी सफल रहा।

प्रोफेसर नीतू कुमारी के अनुसार उनकी जानकारी में यह पहला अध्ययन है, जिसमें शिकारी और शिकार प्रजातियों की आबादी में होने वाले उतार-चढ़ाव का अध्ययन करने के लिए फिजिक्स-इन्फॉर्म्ड न्यूरल नेटवर्क और ट्रांसफर लर्निंग को मिलाकर एक सेल्फ-अडैप्टिव गणितीय मॉडल विकसित किया गया है। यह शोध दर्शाता है कि एआई आधारित गणितीय मॉडल पर्यावरण से जुड़े आंकड़े सीमित होने और उनमें अनिश्चितता रहने के बावजूद

वैज्ञानिकों को बेहतर अनुमान लगाने में मदद कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा