home page

हिमाचल में 17 आईएएस और 22 एचएएस अधिकारियों के तबादले

 | 
हिमाचल में 17 आईएएस और 22 एचएएस अधिकारियों के तबादले


शिमला, 10 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 आईएएस और 22 हिमाचल प्रशासनिक सेवा (एचएएस) अधिकारियों के तबादले, नई नियुक्तियां और अतिरिक्त कार्यभार से जुड़े आदेश जारी किए हैं। मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत की ओर से शुक्रवार को जारी अधिसूचना के अनुसार सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।

आईएएस अधिकारियों में अतिरिक्त मुख्य सचिव (जनजातीय विकास) ओंकार चंद शर्मा को अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। रोपवे एंड रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार उनके पास पहले की तरह रहेगा।

अतिरिक्त मुख्य सचिव (खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले) आरडी नजीम को अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह एवं सतर्कता, एमपीपी एवं पावर तथा एनसीईएस) नियुक्त किया गया है। इससे पहले (गृह एवं सतर्कता) का कार्यभार मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत और एमपीपी एवं पावर तथा एनसीईएस) का अतिरिक्त कार्यभार सचिव राकेश कंवर के पास था।

प्रधान सचिव (शहरी विकास) देवेश कुमार अब प्रधान सचिव (वित्त, योजना, अर्थ एवं सांख्यिकी तथा 20 सूत्रीय कार्यक्रम) के रूप में कार्य करेंगे। उन्हें प्रधान सचिव (पशुपालन) का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है। यह अतिरिक्त जिम्मेदारी आशीष सिंहमार से वापस ले ली गई है। प्रधान सचिव (लोक निर्माण विभाग) का अतिरिक्त कार्यभार उनके पास पहले की तरह रहेगा।

प्रधान सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) एम. सुधा देवी को प्रधान सचिव (वन एवं उद्योग) नियुक्त किया गया है। प्रधान सचिव (कार्मिक) का अतिरिक्त कार्यभार उनके पास पहले की तरह रहेगा। इससे पहले मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत से (वन) का कार्यभार देख रहे थे।

सचिव (श्रम एवं रोजगार, मुद्रण एवं स्टेशनरी, मत्स्य तथा युवा सेवाएं एवं खेल) प्रियंका बसु इंग्टी को सचिव (खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले) का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। अपीलीय कर अधिकरण, धर्मशाला की अध्यक्ष का अतिरिक्त कार्यभार भी उनके पास पहले की तरह रहेगा।

सचिव (डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस) और मुख्यमंत्री के सचिव (द्वितीय) आशीष सिंहमार को सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। सचिव (एसएडी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, संसदीय कार्य), सचिव (जीएडी) और सचिव, हिमाचल प्रदेश मानवाधिकार आयोग का अतिरिक्त कार्यभार उनके पास पहले की तरह रहेगा।

उद्योग निदेशक डॉ. यूनुस को सचिव (राज्य कर एवं आबकारी) नियुक्त किया गया है। राज्य कर एवं आबकारी आयुक्त का अतिरिक्त कार्यभार उनके पास पहले की तरह रहेगा।

कांगड़ा मंडल के मंडलायुक्त संदीप कुमार को सचिव (पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन) नियुक्त किया गया है।

सचिव (टाउन एंड कंट्री प्लानिंग एवं हाउसिंग) अमरजीत सिंह को सचिव (शहरी विकास) का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। सचिव (गृह) का अतिरिक्त कार्यभार उनके पास पहले की तरह रहेगा।

मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव-सह-विशेष सचिव विवेक भाटिया को उद्योग निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।

ऊर्जा निदेशक राकेश कुमार प्रजापति को पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन निदेशक नियुक्त किया गया है। इस अतिरिक्त कार्यभार से विवेक भाटिया को मुक्त किया गया है।

विशेष सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) डॉ. अश्वनी कुमार शर्मा को राज्य कर एवं आबकारी आयुक्त नियुक्त किया गया है।

मत्स्य विभाग के निदेशक-सह-वार्डन विवेक चंदेल को नगर निगम बद्दी का आयुक्त नियुक्त किया गया है। इस अतिरिक्त कार्यभार से सोनाक्षी सिंह तोमर को मुक्त किया गया है।

सीएसके हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर की रजिस्ट्रार डॉ. मधु चौधरी को विशेष सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) नियुक्त किया गया है। उन्हें राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है।

ओम कांत ठाकुर को मत्स्य विभाग का निदेशक-सह-वार्डन नियुक्त किया गया है।

एडीसी (विकास)-सह-परियोजना निदेशक (डीआरडीए), हमीरपुर अभिषेक कुमार गर्ग को हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

गुरसिमर सिंह को तकनीकी शिक्षा निदेशक, सुंदरनगर नियुक्त किया गया है। उन्हें हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम, सुंदरनगर के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है।

सचिन कंवल बने शिमला नगर निगम आयुक्त, ओशिन बनीं संयुक्त निदेशक आयुष

एचएएस अधिकारियों में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त सचिव सचिन कंवल को नगर निगम शिमला का आयुक्त नियुक्त किया गया है। नगर निगम शिमला के आयुक्त भूपेंद्र कुमार को हिमाचल प्रदेश जनरल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार ज्ञान सागर नेगी को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल), शिमला नियुक्त किया गया है। हिमफेड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार उनके पास था।

एकता काप्टा को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (विकास)-सह-परियोजना निदेशक (डीआरडीए), सिरमौर, नाहन नियुक्त किया गया है। ज्योति राणा को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का रजिस्ट्रार बनाया गया है। डॉ. लाइक राम वर्मा को हिमफेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

शिल्पी बेक्टा अतिरिक्त सचिव (लोक निर्माण विभाग) के पद पर बनी रहेंगी। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार उनसे वापस ले लिया गया है।

एसडीएम सुजानपुर विकास शुक्ला को नगर निगम हमीरपुर का अतिरिक्त आयुक्त नियुक्त किया गया है। राम प्रसाद को कार्मिक विभाग (पूल) में आगामी तैनाती के लिए भेजा गया है।

सनी शर्मा को एसडीएम शिमला (शहरी) नियुक्त किया गया है। विश्रुत भारती को हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग का सदस्य सचिव बनाया गया है। इस अतिरिक्त कार्यभार से विनय मोदी को मुक्त किया गया है।

योगेश चौहान को अतिरिक्त निदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान नियुक्त किया गया है। राज्य खाद्य आयोग के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार भी उनके पास रहेगा।

डॉ. पूनम को डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज, नाहन का अतिरिक्त निदेशक नियुक्त किया गया है। संजय कुमार को हिमाचल प्रदेश मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड का महाप्रबंधक बनाया गया है। इस अतिरिक्त कार्यभार से राजीव कुमार को मुक्त किया गया है।

विश्व मोहन देव चौहान को एसडीएम कुपवी नियुक्त किया गया है। मुनीश कुमार शर्मा को संयुक्त निदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान बनाया गया है।

एसडीएम शिमला (शहरी) ओशिन को संयुक्त निदेशक, आयुष नियुक्त किया गया है। डॉ. अमित गुलेरिया को कार्मिक विभाग (पूल) में आगामी तैनाती के लिए भेजा गया है।

मोहन लाल को क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, शिमला नियुक्त किया गया है। कपिल तोमर को संयुक्त निदेशक, युवा सेवाएं एवं खेल नियुक्त किया गया है।

राज कुमार-द्वितीय को एसडीएम बिलासपुर बनाया गया है। भूमि अधिग्रहण अधिकारी, एसएलएयू, एनएचएआई का अतिरिक्त कार्यभार उनके पास पहले की तरह रहेगा।

पद्मा छोडोन को एसडीएम उदयपुर नियुक्त किया गया है। नीरजा शर्मा को एसडीएम सोलन बनाया गया है।

अलीशा चौहान को एसडीएम करसोग नियुक्त किया गया है। गौरव महाजन को कार्मिक विभाग (पूल) में आगामी तैनाती के लिए भेजा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा