home page

एचआरटीसी परिचालक सुरेंद्र ठाकुर का दिल का दौरा पड़ने से निधन

 | 

नाहन, 30 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल पथ परिवहन निगम के उप डिपो राजगढ़ में कार्यरत परिचालक सुरेंद्र ठाकुर का अचानक हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। वे सिरमौर जिला के विकासखंड राजगढ़ की नेहर पाब पंचायत के जुब्बल गांव के निवासी थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र ठाकुर लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। स्वास्थ्य संबंधी कारणों से निगम प्रबंधन ने कुछ समय के लिए उन्हें अड्डा प्रभारी की जिम्मेदारी दी थी। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर वे अवकाश पर चले गए थे। हाल ही में छुट्टियां समाप्त कर वे पुनः ड्यूटी पर लौटे थे और उनकी रात्रिकालीन ड्यूटी लगाई गई थी।

रात की ड्यूटी पूरी करने के बाद वे अपने कमरे में विश्राम करने चले गए। सुबह जब एक चालक उन्हें ड्यूटी के लिए बुलाने गया, तो वे अचेत पड़े थे। सहकर्मी उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल राजगढ़ ले गए, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निगम कर्मचारियों ने अपने साथी के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए एचआरटीसी की बस को सुंदर फूलों से सजाया। जिस बस में बैठकर उन्होंने वर्षों तक हजारों यात्रियों को सुरक्षित मंजिल तक पहुंचाया, आज वही बस उनकी अंतिम यात्रा की साक्षी बनी। जब पार्थिव शरीर बस में रखा गया, तो राजगढ़ बस अड्डे पर मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की आंखें नम हो गईं।

एचआरटीसी प्रबंधन की ओर से शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए तत्काल सहायता के रूप में ₹10,000 की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर