home page

सिरमौर में पोलिंग पार्टियों के लिए लगीं परिवहन निगम की 67 बसें ड्यूटी पर, कई रूट होंगे प्रभावित

 | 
सिरमौर में पोलिंग पार्टियों के लिए लगीं परिवहन निगम की 67 बसें ड्यूटी पर, कई रूट होंगे प्रभावित


नाहन, 23 मई (हि.स.)। सिरमौर जिला के पंचायत चुनावों को देखते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम के नाहन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अधिकतर रूट अगले तीन दिनों तक प्रभावित रहने वाले हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक नाहन, रमेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए निगम की कुल 67 बसें ड्यूटी पर लगाई गई हैं।

जानकारी के अनुसार 23 मई से 25 मई तक नाहन क्षेत्र की ये बसें चुनाव करवाने वाली पोलिंग पार्टियों को उनके गंतव्य स्थान तक ले जाने और वापस लाने के कार्य में व्यस्त रहेंगी। इस कारण स्थानीय और मुख्य लंबे रूटों पर बसों की भारी कमी देखने को मिल सकती है।

क्षेत्रीय प्रबंधक रमेश कुमार के मुताबिक इस चुनावी व्यवस्था के कारण मुख्य रूप से नाहन, शिलाई, संगड़ाह, रेणुका जी, सराहां और पांवटा साहिब क्षेत्रों से चलने वाले रूट प्रभावित होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल अकेले नाहन से 5 मुख्य बसें इस चुनावी ड्यूटी पर भेजी गई हैं, जबकि बाकी क्षेत्रों से भी जरूरत के हिसाब से बसें तैनात की जा रही हैं। उन्होंने ने यह भी बताया कि परिस्थितियों को देखते हुए इन रूटों और बसों की संख्या में अभी और भी बदलाव किया जा सकता है।

निगम प्रबंधन ने आम जनता और दैनिक यात्रियों से सहयोग की अपील की है और सुझाव दिया है कि आगामी तीन दिनों तक घर से निकलने से पहले बसों की समय-सारिणी या उपलब्धता की जांच ज़रूर कर लें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर