home page

फीस वृद्धि और प्रिंटिंग सुविधा बंद करने के विरोध में एबीवीपी का प्रदर्शन, कुलसचिव का किया घेराव

 | 
फीस वृद्धि और प्रिंटिंग सुविधा बंद करने के विरोध में एबीवीपी का प्रदर्शन, कुलसचिव का किया घेराव


शिमला, 25 मई (हि.स.)। खिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई ने रविवार को फीस वृद्धि और विश्वविद्यालय पुस्तकालय में सस्ती प्रिंटिंग एवं नोट्स सुविधा बंद किए जाने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थी परिषद ने विश्वविद्यालय परिसर में रैली निकालकर धरना-प्रदर्शन किया और कुलसचिव का घेराव किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए इकाई मंत्री शुशील शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में पहले ही छात्रों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, ऐसे में प्रशासन द्वारा फीस बढ़ाने का निर्णय छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की समस्याओं को समझने के बजाय लगातार ऐसे फैसले ले रहा है, जिनसे आम विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

सुशील शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय पुस्तकालय के भीतर लंबे समय से छात्रों को सस्ती दरों पर प्रिंटिंग, बाइंडिंग और एडिटिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही थीं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को काफी राहत मिलती थी। लेकिन प्रशासन द्वारा इस सुविधा को बंद करने का फैसला लिया गया, जिसका विद्यार्थी परिषद ने कड़ा विरोध किया।

प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी ने विश्वविद्यालय में अकादमिक व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। सुशील शर्मा ने कहा कि एक ही प्रोफेसर को जैव विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान, पुस्तकालय विज्ञान और फोरेंसिक साइंस सहित चार विभागों का अध्यक्ष बना दिया गया है, जिसके कारण विभागों में प्रशासनिक और शैक्षणिक समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने मांग की कि इन विभागों के लिए अलग-अलग सक्षम अधिकारियों की नियुक्ति की जाए ताकि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

विद्यार्थी परिषद ने दावा किया कि छात्रों के दबाव और आंदोलन के बाद कुलसचिव को उनकी मांगों पर सहमति देनी पड़ी है। एबीवीपी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी छात्र विरोधी फैसले लिए गए तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला