home page

संग्रामः बीटेक सातवें सेमेस्टर ने एमबीए पहले सेमेस्टर की टीम को हराया

 | 

हमीरपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में तीन दिवसीय अंतर विभागीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू (संग्राम-2026) हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ तकनीकी विवि के उपकुलसचिव सुरेंद्र शर्मा ने किया। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का आग्रह किया।

तकनीकी विवि स्पोर्ट्स क्लब के समन्वयक डॉ मनीष खन्ना ने कहा कि अंतर विभागीय तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में कुल 10 खेलों के मुकाबले हो रहे हैं, जिसमें शतरंज, कैरम, टेबल टेनिस, क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, बास्केटबॉल, फुटबॉल, खो-खो और एथलेटिक्स गेम्स शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में सभी विभागों के लगभग 200 से अधिक विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाएंगे। पहले दिन कैरम , शतरंज, टेबल टेनिस और क्रिकेट के मुकाबले खेले गए। क्रिकेट के पहले मुकाबले में बीटेक सातवें सेमेस्टर की टीम ने एमबीए पहले सेमेस्टर की टीम को पराजित किया। दूसरे मुकाबले में बीटेक पहले सेमेस्टर की टीम एमबीए तीसरे सेमेस्टर की टीम से हार गई। अब एमबीए तीसरे और बीटेक सातवें सेमेस्टर की टीम के मध्य फाइनल मुकाबला होगा।

वहीं, इंडोर गेम्स में शतरंज, टेबल टेनिस और कैरम के पहले चरण के मुकाबले खेले गए। इस मौके पर तकनीकी विवि खेल समिति सदस्य डॉ पल्लवी नागपाल, राहुल कौंडल सहित अन्य प्राध्यापक और स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष शुभम कमल आदि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला