home page

तकनीकी विवि ने मनाया राष्ट्रीय विज्ञान दिवस

 | 

हमीरपुर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में तकनीकी विवि के कुलसचिव अनुपम कुमार ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिष्ठाता डॉ राजेश शर्मा ने की। कार्यक्रम के माध्यम से महान भारतीय वैज्ञानिक सर सी. वी. रमन के अमूल्य योगदान को स्मरण किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत पूर्व दिवस पर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मटाहणी में जाकर विज्ञान एवं ऊर्जा की सामाजिक उपयोगिता से संबंधित कार्यशील मॉडल एवं प्रदर्श प्रस्तुत किए थे।

तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। जिनमें रंगोली प्रतियोगिता में चार टीमों, क्विज प्रतियोगिता में आठ टीमों तथा पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में चार प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसके पश्चात कॉन्फ्रेंस हॉल में एक वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया तथा डिक्लेमेशन प्रतियोगिता में पांच प्रतिभागियों ने प्रभावशाली शैली में अपने विचार प्रस्तुत किए। अधिष्ठाता शैक्षणिक ने विद्यार्थियों को सर सी. वी. रमन के जीवन, उनके वैज्ञानिक शोध एवं उनके विशिष्ट योगदान के बारे में विस्तार से अवगत कराया तथा उनसे प्रेरणा लेकर अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

वहीं, कुलसचिव ने देश की अनेक महान विभूतियों का स्मरण करते हुए विद्यार्थियों को उनके योगदान से परिचित कराया और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। अंतिम सत्र में विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान आधारित मॉडलों की प्रदर्शनी प्रस्तुत की गई तथा कार्यक्रम के अंतिम चरण में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसने विद्यार्थियों के उत्साह को नई ऊर्जा प्रदान की। कार्यक्रम का समापन वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार एवं शोध संस्कृति को आगे बढ़ाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ तथा सभी अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति के लिए पुनः हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला