home page

तकनीकी विविः अब प्रवेश परीक्षा के लिए 22 तक करें ऑनलाइन आवेदन

 | 

हमीरपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर की प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने की तिथि 22 अप्रैल तक बढ़ाई है। पात्र अभ्यर्थी बी फार्मेसी, बीटेक, एमबीए, एमसीए सहित अन्य विषयों की प्रवेश परीक्षा के लिए उपरोक्त तिथि तक आवेदन कर सकते हैं। अधिष्ठाता शैक्षणिक डॉ राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि 22 अप्रैल तक बढ़ाई गई है। अभी तक प्रवेश परीक्षा के लिए 8700 से अधिक अभ्यर्थियों के आवेदन आ चुके हैं। जिसमें बीटेक के लिए लगभग 5000 और बी फार्मेसी के लिए लगभग 2800 अभ्यर्थियों ने अभी तक आवेदन किया है। इसके अलावा अन्य विषयों के लिए आवेदन आए हैं। प्रवेश परीक्षा नौ व दस मई को आयोजित की जाएगी।

अधिष्ठाता शैक्षणिक ने कहा कि नौ मई को सुबह के सत्र में नौ से ग्यारह बजे तक बीएससी एचएम एंड सीटी/बीएचएमसीटी और एमएससी पर्यावरण विज्ञान की प्रवेश परीक्षा होगी, जबकि दस मई को सुबह के सत्र में नौ से 11 बजे तक एमएससी भौतिक विज्ञान, नौ से सवा 12 बजे तक बीटेक व बी फार्मेसी की प्रवेश परीक्षा होगी। दस मई को ही सायं के सत्र में दो से चार बजे तक एमसीए, एमबीए और एमबीए पर्यटन की प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रवेश परीक्षा फॉर्म भरने और उपरोक्त विषयों में प्रवेश के लिए पात्रता सहित अन्य जानकारी तकनीकी विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर प्रारूप में अभ्यर्थी देख सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला