home page

नौ व दस मई को होगी तकनीकी विवि की प्रवेश परीक्षा

 | 

हमीरपुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के हिमाचल प्रदेश कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (एचपीसीईटी) की तिथि की अधिसूचित की है। तकनीकी विवि का कॉमन एंट्रेंस टेस्ट अब नौ व दस मई को होगा। तकनीकी विवि के कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक अनुपम ठाकुर ने कहा कि इस बार कॉमन एंट्रेंस टेस्ट नौ व दस मई को आयोजित किया जाएगा। नौ मई को सुबह के सत्र में नौ से ग्यारह बजे तक बीएससी एचएम एंड सीटी/बीएचएमसीटी और एमएससी पर्यावरण विज्ञान की प्रवेश परीक्षा होगी। दस मई को सुबह के सत्र में नौ से 11 बजे तक एमएससी भौतिक विज्ञान, नौ से सवा 12 बजे तक बीटेक व बी फार्मेसी की प्रवेश परीक्षा होगी। दस मई को ही सायं के सत्र में दो से चार बजे तक एमसीए, एमबीए और एमबीए पर्यटन की प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा नियंत्रक ने कहा जल्द ही प्रवेश परीक्षा फॉर्म भरने, उपरोक्त विषयों में प्रवेश के लिए पात्रता सहित अन्य जानकारी का प्रारूप जारी किया जाएगा।

डिग्री पूरी न करने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा देने का विशेष मौका

एनएस, ओएस, सीबीसीएस के तहत बी टेक, बी फार्मेसी, एमटेक, एम फार्मेसी वाले करें आवेदन

हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी डिग्री पूरी न कर पाने वाले या उत्तीर्ण न हो पाने वाले सभी अभ्यर्थियों को मई/जून 2026 में प्रस्तावित परीक्षा में विशेष मौका देने का निर्णय लिया है। तकनीकी विवि के परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि बीटेक, बी फार्मेसी (एलोपैथी/आयुर्वेद) के पहले से आठवें सेमेस्टर तक के ओल्ड और न्यू सिलेबस के अभ्यर्थी परीक्षा के लिए ऑफलाइन आवेदन 20 मार्च तक कर सकते हैं। इसके अलावा बी फार्मेसी (एलोपैथी/आयुर्वेद) के सीबीसीएस ( चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम) पाठ्यक्रम के पहले से आठवें सेमेस्टर तक अभ्यर्थी और एम फार्मेसी और एमटेक के भी सीबीसीएस के पहले से चौथे सेमेस्टर तक के अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठने का विशेष मौका प्रदान किया जा रहा है। विशेष मौके के तहत परीक्षा देने की फीस संबंधित अधिसूचना और फॉर्म अभ्यर्थी तकनीकी विवि की वेबसाइट पर देख सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला