home page

तकनीकी विविः काउंसलिंग के लिए 30 तक करें ऑनलाइन आवेदन

 | 
तकनीकी विविः काउंसलिंग के लिए 30 तक करें ऑनलाइन आवेदन


हमीरपुर, 19 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने नए शैक्षणिक सत्र में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है। तकनीकी विवि परिसर व संबंधित सरकारी/निजी शिक्षण संस्थानों में बीटेक, बी फार्मेसी, एमटेक, एमबीए, एमसीए, बी आर्क सहित अन्य विषयों की काउंसलिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं।

तकनीकी विवि के कुलसचिव अनुपम कुमार ठाकुर ने कहा कि पात्र अभ्यर्थी 30 जून तक काउंसलिंग का ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। तकनीकी विवि और संबंधित शिक्षण संस्थानों में बीटेक (लेटरल व डायरेक्ट एंट्री), बी फार्मेसी (लेटरल व डायरेक्ट एंट्री), बी आर्क, एमबीए, एमबीए पर्यटन, एमसीए, एमटेक, एम फार्मेसी, एमएससी भौतिक विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान, एमए/एमएससी योग, बीएससी एचएमसीटी/बीएचएमसीटी, फार्मा डी में प्रवेश लेने के लिए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन काउंसलिंग फॉर्म भरना होगा। उपरोक्त सभी स्नातक व स्नातकोत्तर विषय में प्रवेश के लिए पात्रता संबंधित जानकारी तकनीकी विवि की वेबसाइट पर लगी सूचना विवरणिका में देख सकते हैं, जिसमें सभी विषयों में प्रवेश के लिए पात्रता का पूरा ब्यौरा दिया है। जिन अभ्यर्थियों ने तकनीकी विवि की प्रवेश परीक्षा (कॉमन एंट्रेंस टेस्ट) दी है, उन्हें भी काउंसलिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके अलावा बीटेक में डायरेक्ट एंट्री के लिए जेईई मेन परीक्षा देने वाले को भी काउंसलिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

बता दें कि बीटेक (डायरेक्ट एंट्री) की 50 प्रतिशत सीटें एचपीसीईटी और 50 प्रतिशत सीटें जेईई की मेरिट के आधार पर भरी जाती हैं। काउंसलिंग फार्म भरने की तिथि के बाद जल्द की उपरोक्त विषयों की काउंसलिंग का शेड्यूल जारी किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला