तकनीकी विवि में 52 स्वयंसेवियों ने किया रक्तदान
हमीरपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर परिसर में शनिवार को रक्तदान शिविर का आयोजित किया गया। तकनीकी विवि के अधिष्ठाता शैक्षणिक डॉ राजेश कुमार शर्मा ने रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। रक्तदान शिविर स्वर्गीय डॉ अजीत कुमार अग्निहोत्री की पुण्यतिथि पर उनके परिवार के सदस्यों द्वारा लगाया गया, जिसमें तकनीकी विवि की यूथ रेडक्रॉस सोसायटी और एनएसएस इकाई के स्वयंसेवियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। रक्तदान शिविर में 52 स्वयंसेवियों ने महादान किया, जिसमें तकनीकी विवि के कर्मचारी, अधिकारी, विद्यार्थियों सहित अन्य लोग शामिल थे।
इस मौके पर डॉ अग्निहोत्री के परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम में मंजू देवी, प्रेमलता, राजेंद्र सिंह, अशोक कुमार व दीपक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

