home page

हिमाचल प्रदेश में 5 दिन ठप रहेंगी राज्य सहकारी बैंक की सेवाएं

 | 

शिमला, 16 जुलाई (हि.स.)। अगर आपका खाता हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक में है तो अगले कुछ दिनों के लिए अपने जरूरी बैंकिंग काम पहले ही पूरे कर लें। बैंक ने 17 जुलाई की शाम 5 बजे से 22 जुलाई की सुबह 10 बजे तक अपनी सभी बैंकिंग सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रखने का फैसला किया है। इस दौरान बैंक अपने पूरे कोर बैंकिंग सिस्टम को नए फिनाकल सॉफ्टवेयर पर स्थानांतरित करेगा।

बैंक के प्रबंध निदेशक विनय सिंह ने वीरवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह बदलाव बैंक की तकनीकी व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए किया जा रहा है। नए सिस्टम के शुरू होने के बाद ग्राहकों को पहले से अधिक सुरक्षित, तेज और बेहतर बैंकिंग सेवाएं मिलेंगी।

इस अवधि में बैंक की शाखाओं में होने वाले सभी लेनदेन बंद रहेंगे। एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई, आईएमपीएस, एनईएफटी, आरटीजीएस, रुपे डेबिट कार्ड और एईपीएस जैसी सभी सेवाएं भी उपलब्ध नहीं होंगी। यानी इस दौरान ग्राहक नकद निकासी से लेकर ऑनलाइन भुगतान और पैसे ट्रांसफर तक कोई भी बैंकिंग सेवा इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे।

बैंक ने ग्राहकों से आग्रह किया है कि वे नकद निकासी, बिल भुगतान और अन्य जरूरी लेनदेन 17 जुलाई की शाम 5 बजे से पहले ही पूरा कर लें, जिससे बाद में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैंक प्रबंधन का कहना है कि 22 जुलाई की सुबह 10 बजे से सभी सेवाएं नए फिनाकल कोर बैंकिंग सिस्टम के साथ फिर से शुरू हो जाएंगी। इसके बाद ग्राहकों को तेज लेनदेन, अधिक मजबूत सुरक्षा और बेहतर डिजिटल बैंकिंग अनुभव मिलेगा।

बैंक ने इस अस्थायी असुविधा के लिए खेद जताते हुए ग्राहकों से सहयोग की अपील की है। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए ग्राहक बैंक की आधिकारिक वेबसाइट या बैंक के टोल-फ्री कस्टमर केयर नंबर 1800 180 8090 पर संपर्क कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा