home page

हिमाचल में बारिश का दौर जारी, नदियां-नाले उफान पर, 29 जुलाई तक येलो अलर्ट

 | 
हिमाचल में बारिश का दौर जारी, नदियां-नाले उफान पर, 29 जुलाई तक येलो अलर्ट


शिमला, 23 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन-चार दिनों से जारी बारिश का दौर गुरुवार को भी बना हुआ है। शिमला, सिरमौर, सोलन, हमीरपुर सहित कई जिलों में सुबह से रुक-रुक कर व्यापक बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश से नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ गया है। कई स्थानों पर बरसाती नाले उफान पर बह रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से नदियों, खड्डों और बरसाती नालों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।

हालांकि बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में बारिश की तीव्रता पिछले दिनों की तुलना में कुछ कम रही, लेकिन कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार बिलासपुर जिले के नैना देवी में 56.2 मिलीमीटर, मलरांव में 49.4 मिलीमीटर, कुल्लू जिले के मनाली में 35.0 मिलीमीटर, शिमला जिले के रामपुर में 30.3 मिलीमीटर, बिलासपुर के ब्रह्माणी में 29.4 मिलीमीटर, शिमला जिले के सराहन में 28.7 मिलीमीटर, सिरमौर के नाहन में 27.8 मिलीमीटर, कुल्लू के कोठी में 26.0 मिलीमीटर, शिमला के रोहड़ू में 20.0 मिलीमीटर और खदराला में 19.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आई हैं। राज्य भर में 250 से अधिक सड़कें बंद हैं, जिससे कई इलाकों में आवाजाही प्रभावित हुई है। कुछ स्थानों पर बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है और कई ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। पेयजल योजनाओं पर भी असर पड़ा है, जिससे कुछ क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। संबंधित विभाग सड़कें बहाल करने, बिजली आपूर्ति सामान्य करने और पेयजल योजनाओं को दुरुस्त करने में जुटे हैं।

मौसम विभाग ने फिलहाल प्रदेश के लिए किसी भी दिन रेड अलर्ट जारी नहीं किया है। 29 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की संभावना के बीच येलो अलर्ट जारी रहेगा। गुरुवार को किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर शेष सभी दस जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। 24 जुलाई को चंबा, कांगड़ा और सिरमौर जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। 25 जुलाई को शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, बिलासपुर, हमीरपुर और ऊना सहित आठ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 26 जुलाई को ऊना, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट रहेगा।

मौसम विभाग का कहना है कि मानसून अभी सक्रिय बना हुआ है और अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। भारी बारिश वाले क्षेत्रों में भूस्खलन, अचानक जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है। ऐसे में लोगों से मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा