home page

हिमाचल में पहाड़ों पर बर्फबारी, शिमला सहित कई जगह वर्षा-ओलावृष्टि

 | 
हिमाचल में पहाड़ों पर बर्फबारी, शिमला सहित कई जगह वर्षा-ओलावृष्टि


शिमला, 03 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में अप्रैल महीने में पहाड़ियों पर ताजा बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है, जबकि शिमला सहित कई जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने मौसम को ठंडा कर दिया है। मौसम विभाग ने 9 अप्रैल तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है।

वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने से लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं पर रुक-रुक कर हिमपात हो रहा है। इससे ऊंचाई वाले इलाकों में अप्रैल महीने में भी सर्दी का असर बना हुआ है।

शुक्रवार को शिमला और हमीरपुर सहित कई इलाकों में दोपहर के समय तेज वर्षा हुई। कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई, जिससे गेहूं, मटर, सेब और अन्य फसलों को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई हैं। दिन भर तेज हवाएं चलती रहीं, जिससे लोगों को ठंड का अहसास हुआ और मैदानी इलाकों में भी गर्मी का असर कम हो गया। शिमला में मौसम अचानक ठंडा हो गया और लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 6 अप्रैल तक कई स्थानों पर व्यापक वर्षा होने की संभावना है। 4 अप्रैल को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में भारी ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा कई अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने 7 अप्रैल को भी प्रदेश के 10 जिलों में तेज हवाओं और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि 9 अप्रैल तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम अस्थिर बना रहेगा और बीच-बीच में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

मौसम के इस बदले रुख से जहां पहाड़ी क्षेत्रों में अप्रैल में भी ठंड बनी हुई है, वहीं मैदानी इलाकों में भी गर्मी का असर अभी तक महसूस नहीं हो रहा है। किसानों के लिए यह मौसम चिंता का कारण बन गया है, क्योंकि बार-बार हो रही बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा