हिमाचल में बर्फबारी से ठिठुरन बढ़ी, कल से 21 नवंबर तक साफ रहेगा मौसम
शिमला, 15 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम के तेवर एक बार फिर बदल गए हैं। राज्य के अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में रविवार तड़के से रुक-रुक कर हिमपात हो रहा है। लाहौल स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, चंबा और सिरमौर की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। शिमला और सिरमौर जिला के सीमावर्ती इलाके में स्थित प्रसिद्ध शिरगुल महाराज मंदिर चूड़धार में भी बर्फबारी होने से सफेद चादर बिछ गई है। इसके अलावा लाहौल स्पीति के कुकुमसेरी में भी हिमपात हुआ है। अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई इस ताजा बर्फबारी के कारण सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने अगले हफ्ते पूरे राज्य में मौसम के साफ रहने का अनुमान जताया है।
पहाड़ों पर हुई ताज़ा बर्फबारी के चलते पूरे प्रदेश में ठंड का असर तेज हो गया है। राजधानी शिमला में सुबह के समय सर्द हवाएं चलीं और हल्की बारिश हुई, जिससे ठिठुरन बढ़ गई। शिमला में बीती रात न्यूनतम तापमान में 2.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ ही शिमला में मौसम साफ हो गया और धूप खिल गई। राज्य के मैदानी और मध्यवर्ती इलाकों में भी कहीं धूप तो कहीं बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में शिमला जिला के सराहन में 8.5 मिलीमीटर (लगभग 1 सेंटीमीटर) बारिश और मंडी जिला के मुरारी देवी में 1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा सोलन में 0.8 मिलीमीटर और शिमला में 0.2 मिलीमीटर बारिश हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक जनजातीय इलाकों में भीषण ठंड पड़नी शुरू हो गई है और पारा शून्य से नीचे बना हुआ है। प्रदेश के तीन शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया है। इनमें नाहन का तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री कम, केलांग का सामान्य से 1.5 डिग्री कम और पालमपुर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री कम रिकॉर्ड हुआ है।
राज्य के विभिन्न शहरों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो कुकुमसेरी में पारा शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़क गया है। इसके बाद केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 2.5 डिग्री सेल्सियस, कल्पा में 2.8 डिग्री सेल्सियस, कुफरी में 4.9 डिग्री सेल्सियस, मनाली में 6.4 डिग्री सेल्सियस और बजौरा में 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, शिमला और भरमौर में न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रहा। भुंतर में 9.4 डिग्री सेल्सियस, पालमपुर और सोलन में 9.5 डिग्री सेल्सियस, सुंदरनगर में 9.6 डिग्री सेल्सियस, चंबा में 10.2 डिग्री सेल्सियस, कांगड़ा में 10.5 डिग्री सेल्सियस, सियोबाग और बरठीं में 10.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा मंडी में 11.2 डिग्री सेल्सियस, ऊना में 11.4 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला और नाहन में 11.8 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर और जुब्बड़हट्टी में 12.0 डिग्री सेल्सियस, नेरी में 13.6 डिग्री सेल्सियस, देहरा गोपीपुर में 14.0 डिग्री सेल्सियस, सराहन में 15.3 डिग्री सेल्सियस और पांवटा साहिब में न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि आज रविवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी। राहत की बात यह है कि कल 16 नवंबर से 21 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

