home page

हिमाचल में बर्फबारी के आसार, 27 फरवरी से बदलेगा मौसम

 | 
हिमाचल में बर्फबारी के आसार, 27 फरवरी से बदलेगा मौसम


शिमला, 23 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम फिलहाल साफ बना हुआ है, लेकिन मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि 27 फरवरी से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। अनुमान है कि पहाड़ी और ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम के ज्यादातर साफ रहने की संभावना है। विभाग के अनुसार लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चम्बा और कुल्लू के ऊपरी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी के आसार हैं।

मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक 24, 25 और 26 फरवरी को पूरे प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। 27 फरवरी को कुछ स्थानों पर मौसम बदल सकता है। 28 फरवरी को भी मौसम खराब रहेगा। इसके बाद एक मार्च को फिर से मौसम साफ रहने का अनुमान जताया गया है। विभाग ने फिलहाल किसी तरह की धुंध या बड़ी चेतावनी जारी नहीं की है।

प्रदेश में आज सुबह भी ज्यादातर जगहों पर मौसम साफ दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान की बात करें तो शिमला में 7.5 डिग्री, सुंदरनगर में 7.8 डिग्री, भुंतर में 6.4 डिग्री, धर्मशाला में 10.9 डिग्री, ऊना में 8.0 डिग्री और नाहन में 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मनाली में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री, सोलन में 6.2 डिग्री, कांगड़ा में 10.5 डिग्री, मंडी में 8.4 डिग्री और बिलासपुर में 9.5 डिग्री दर्ज हुआ।

जनजातीय और ऊंचाई वाले इलाकों में अभी भी कड़ाके की ठंड बनी हुई है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 4.9 डिग्री और ताबो में माइनस 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस समय राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री ज्यादा चल रहा है।

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस विंटर सीजन में प्रदेश में सामान्य से करीब 35 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस सर्दी में पश्चिमी विक्षोभ कमजोर रहने के कारण बारिश और बर्फबारी कम हुई। हालांकि जनवरी के दूसरे पखवाड़े में विंटर सीजन का पहला भारी हिमपात हुआ था, जिसने पहाड़ी इलाकों में ठंड को बढ़ा दिया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा