home page

रोहतांग समेत हिमाचल के ऊंचे इलाकों में हिमपात, ठंड बढ़ी, 15 अक्टूबर तक अंधड़-बिजली का येलो अलर्ट

 | 
रोहतांग समेत हिमाचल के ऊंचे इलाकों में हिमपात, ठंड बढ़ी, 15 अक्टूबर तक अंधड़-बिजली का येलो अलर्ट


शिमला, 11 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अक्टूबर में ही सर्दी के तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रोहतांग दर्रे समेत राज्य के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हो रही है, जबकि शिमला सहित कई क्षेत्रों में बादल छाए हैं और कुछ स्थानों पर बारिश हुई है। जनजातीय जिला लाहौल स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 15 अक्टूबर तक राज्य के अधिकतर स्थानों पर अंधड़ और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश तथा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का अनुमान है। 16 और 17 अक्टूबर को भी बारिश और हिमपात की संभावना है, हालांकि इन दो दिनों के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

राज्य में रविवार को मौसम का असर मैदानी इलाकों से लेकर ऊंचे पहाड़ों तक दिखाई दिया। रोहतांग दर्रे पर ताजा हिमपात हुआ है। ऊंचाई वाले अन्य क्षेत्रों में भी रुक-रुककर बर्फ गिर रही है। इससे पर्वतीय इलाकों में ठंड बढ़ गई है। शिमला और मनाली सहित कई स्थानों पर लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। शिमला समेत मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बादल छाए हुए हैं। कुछ जगहों पर ठंडी हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई।

कुकुमसेरी में 1.8 डिग्री, ताबो में 3.4 डिग्री तापमान

मौसम विभाग के रविवार सुबह दर्ज आंकड़ों के अनुसार राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में 1.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद ताबो में 3.4 डिग्री, कल्पा में 6.0 डिग्री, कुफरी में 8.3 डिग्री और मनाली में 10.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री, पालमपुर में 13.5 डिग्री, बजौरा में 13.8 डिग्री, भुंतर और सोलन में 14.0-14.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी और भरमौर में 15.0-15.0 डिग्री, चंबा में 16.4 डिग्री तथा सुंदरनगर में 16.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

देहरा गोपीपुर में न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री, नाहन और सराहन में 17.1-17.1 डिग्री, धर्मशाला में 17.4 डिग्री, मंडी में 17.6 डिग्री, कांगड़ा में 18.2 डिग्री, बरठीं में 18.7 डिग्री, नेरी में 19.3 डिग्री, ऊना में 19.4 डिग्री, बिलासपुर में 20.0 डिग्री और पांवटा साहिब में 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शिमला के सराहन में 30.1 मिलीमीटर बारिश, पालमपुर में ओलावृष्टि

बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शिमला जिले के सराहन में सर्वाधिक 30.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पालमपुर में 6.0 मिलीमीटर और सुंदरनगर में 5.6 मिलीमीटर बारिश हुई। मनाली में 1.0 मिलीमीटर, धर्मशाला में 1.1 मिलीमीटर और कांगड़ा में 0.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। कल्पा और भरमौर में बारिश की मात्रा ट्रेस यानी बहुत कम रही। सराहन और पालमपुर में ओलावृष्टि भी हुई।

15 अक्टूबर तक येलो अलर्ट, 17 तक मौसम खराब रहने का अनुमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 15 अक्टूबर तक राज्य के अधिकतर स्थानों पर मौसम खराब रह सकता है। इस अवधि में अंधड़ और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मैदानी और मध्य पर्वतीय इलाकों में बारिश तथा उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। 16 और 17 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर बारिश और हिमपात हो सकता है, लेकिन इन तारीखों के लिए विभाग ने कोई अलर्ट या चेतावनी जारी नहीं की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा