हिमाचल में बारिश-बर्फबारी के आसार, लाहौल स्पीति में माइनस में पहुंचा पारा
शिमला, 24 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम करवट ले सकता है। वेस्टर्न डिस्टरवेन्स के एक्टिव होने से आज शाम से सात जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और लाहौल स्पीति जिलों में कुछ स्थानों पर मौसम बदल सकता है। रविवार को चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल स्पीति में बारिश व बर्फबारी की संभावना है। इसके बाद 26 से 30 अक्टूबर तक प्रदेशभर में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। फिलहाल मौसम विभाग ने किसी तरह का अलर्ट या चेतावनी जारी नहीं की है। जनजातीय जिला लाहौल स्पीति में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और यहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है।
शनिवार सुबह से राजधानी शिमला और आसपास के क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा। शिमला और मनाली में धूप खिली है। हालांकि शाम के समय पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आ सकता है। इसके प्रभाव से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और अन्य स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। दो दिनों के दौरान सात जिलों में मौसम की गतिविधियों पर नजर रहेगी। 26 अक्टूबर से प्रदेश में मौसम खुलने का अनुमान है।
लाहौल स्पीति का कुकुमसेरी सबसे ठंडा, माइनस 0.5 डिग्री पहुंचा तापमान
जनजातीय जिला लाहौल स्पीति में ठंड बढ़ने के साथ न्यूनतम तापमान फिर शून्य से नीचे पहुंच गया है। शनिवार को कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केलंग में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री और ताबो में 0.9 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा कल्पा में 3.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के विभिन्न शहरों में शनिवार को न्यूनतम तापमान में अंतर देखने को मिला। आंकड़ों के अनुसार नाहन, केलंग, सोलन और पालमपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। अन्य शहरों में सोलन में न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री, सिओबाग में 8.2 डिग्री, कुफरी में 8.5 डिग्री, बजौरा में 9.1 डिग्री, भुंतर में 9.2 डिग्री, सुंदरनगर में 10.5 डिग्री, शिमला, पालमपुर और भरमौर में 11.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 11.9 डिग्री, मंडी में 12.1 डिग्री, चम्बा में 12.8 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 13.0 डिग्री, बिलासपुर में 13.5 डिग्री, धर्मशाला में 13.6 डिग्री, कांगड़ा में 13.8 डिग्री, ऊना में 14.0 डिग्री, बरठीं में 14.1 डिग्री, नाहन में 14.7 डिग्री, नेरी में 16.1 डिग्री, सराहन में 17.1 डिग्री और पांवटा साहिब में 18.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

