home page

हिमाचल में बारिश-बर्फबारी के आसार, कोई अलर्ट नहीं

 | 
हिमाचल में बारिश-बर्फबारी के आसार, कोई अलर्ट नहीं


शिमला, 06 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बन रही है। हालांकि फिलहाल किसी तरह का मौसम संबंधी अलर्ट जारी नहीं किया गया है। अगले सात दिनों के पूर्वानुमान में मौसम अधिकतर शुष्क रहने के साथ-साथ बीच-बीच में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के संकेत दिए गए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार आज 6 मार्च को प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद 7 मार्च को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। 8 मार्च को एक बार फिर मौसम साफ रहने का अनुमान है, जबकि 9 और 10 मार्च को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। 11 और 12 मार्च को भी कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश का अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है, लेकिन किसी भी तरह की भारी बारिश या बर्फबारी की चेतावनी फिलहाल जारी नहीं की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम सक्रिय है और इसकी हवाओं की गति करीब 115 नॉट्स तक दर्ज की गई है। इसके साथ ही जम्मू और उससे सटे पाकिस्तान क्षेत्र के ऊपर ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। मध्य पाकिस्तान के ऊपर भी ऊपरी स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। इसके अलावा एक पश्चिमी विक्षोभ भी मध्य स्तर की हवाओं के साथ सक्रिय है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में हिमाचल के मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।

इस समय प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क बना हुआ है और पिछले 24 घंटों के दौरान कहीं भी बारिश या बर्फबारी दर्ज नहीं की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस सर्दी के मौसम में प्रदेश में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। जनवरी के अंतिम सप्ताह में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी हुई थी, लेकिन उसके बाद से अब तक कोई बड़ा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं हुआ है। यही कारण है कि फरवरी और मार्च की शुरुआत में प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर कमजोर रहा है।

मौसम शुष्क रहने से प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी भी दर्ज की जा रही है और दिन के समय हल्की गर्मी का असर महसूस होने लगा है। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना जिले के नेरी में 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक दर्ज न्यूनतम तापमान के आंकड़ों में शिमला में 15.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। सुंदरनगर में 11.1 डिग्री, भुंतर में 10.1 डिग्री, कल्पा में 7.5 डिग्री और धर्मशाला में 12.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। ऊना में 13.5 डिग्री, नाहन में 13.4 डिग्री और पालमपुर में 15.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

इसके अलावा सोलन में 11.2 डिग्री, मनाली में 8.8 डिग्री और कांगड़ा में 14.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। मंडी में 11.6 डिग्री, बिलासपुर में 13.0 डिग्री और जुब्बड़हट्टी में 17.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं सेओबाग में 9.5 डिग्री, बरठीं में 10.5 डिग्री, कसौली में 17.5 डिग्री और पांवटा साहिब में 14.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

सराहन में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 18.0 डिग्री, ताबो में 2.3 डिग्री और नेरी में 18.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश के बीच अधिकतर समय मौसम शुष्क बना रह सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा