हिमाचल में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, 149 सड़कें अवरुद्ध
शिमला, 23 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मॉनसून फिर सक्रिय है। शनिवार रात और रविवार सुबह कई हिस्सों में हुई भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और भूस्खलन से यातायात प्रभावित हुआ है। मंडी में पिछले आठ घंटे से मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। हमीरपुर, कुल्लू, चंबा और शिमला में भी बारिश हुई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार रविवार सुबह तक प्रदेश में भूस्खलन के कारण 149 सड़कें अवरुद्ध थीं।
सबसे ज्यादा असर मंडी जिले में है, जहां 86 सड़कें बंद हैं। कुल्लू में 31, शिमला में 10 तथा चंबा और कांगड़ा में आठ-आठ सड़कें अवरुद्ध हैं। मंडी-कुल्लू मार्ग पर कटौला-कामांद सड़क कांधी के पास भूस्खलन के कारण बंद है। मंडी-पठानकोट मार्ग पर उरला के पास सुरक्षा दीवार गिरने से यातायात एक तरफ से चलाया जा रहा है। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सात मील, जलेगी और दवाड़ा में बारिश के दौरान पहाड़ से पत्थर गिरने की आशंका को देखते हुए एहतियात के तौर पर बारिश के समय यातायात रोका जा रहा है। मार्ग पर यातायात फिलहाल सुचारु है और मलबा हटाने के लिए भारी मशीनरी तैनात की गई है।
पिछले 24 घंटों में मंडी में 111.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो प्रदेश में सबसे अधिक है। कांगड़ा में 89.0, सुंदरनगर में 71.0, बग्गी में 57.1, पंडोह में 53.2, मुरारी देवी में 50.0, पालमपुर में 46.4, पांवटा साहिब में 46.2, गोहर में 42.0 और जोगिंदरनगर में 38.0 मिलीमीटर बारिश हुई। मंडी में बीती रात से लगातार तेज बारिश हो रही है। कुल्लू जिले में भी रात से रुक-रुककर बारिश जारी है। सुबह कुल्लू में बारिश हुई। चंबा में भी बारिश का दौर बना हुआ है। हमीरपुर में सुबह हल्की बारिश हुई और शिमला में भी सुबह बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर हैं।
सिरमौर जिले में गिरि जटोंन बांध से पानी छोड़े जाने के बाद मैदानी इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के आसपास जाने से बचने और स्थिति पर नजर रखने की अपील की है।
बारिश से बिजली और पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। प्रदेश में 60 बिजली ट्रांसफार्मर और 35 पेयजल योजनाएं ठप हैं। मंडी में सबसे ज्यादा 25 ट्रांसफार्मर बंद हैं, जबकि हमीरपुर में 30 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। 24 अगस्त को छिटपुट बारिश, 25 से 27 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश और 28 तथा 29 अगस्त को भी छिटपुट बारिश का पूर्वानुमान है। 24 से 29 अगस्त तक भारी, बहुत भारी या अत्यधिक भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
राज्य में 30 जून से शुरू हुए मॉनसून सीजन में बारिश से जुड़े हादसों में अब तक 224 लोगों की मौत हो चुकी है। इस दौरान 90 मकान पूरी तरह ध्वस्त हुए हैं, जबकि 376 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। राज्य में चल और अचल संपत्ति को करीब 1,121 करोड़ रुपये का नुकसान होने का आकलन है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

