home page

हिमाचल में अगले 2 दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, मंडी और बिलासपुर की रातें शिमला से ठंडी

 | 
हिमाचल में अगले 2 दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, मंडी और बिलासपुर की रातें शिमला से ठंडी


शिमला, 23 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिन बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मैदानी, मध्यवर्ती और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 24 अक्टूबर को हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति सहित आठ जिलों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है। वहीं, 25 अक्टूबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में मौसम खराब रह सकता है। इन दो दिनों के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इसके बाद 26 से 29 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। शुक्रवार को राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके बावजूद औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश और बर्फबारी होने पर तापमान में गिरावट आ सकती है। खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ने की संभावना है। जनजातीय इलाकों में न्यूनतम तापमान पहले ही शून्य के करीब पहुंच गया है। लाहौल-स्पीति जिले के ताबो में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस, केलांग में 0.5 डिग्री और कुकुमसेरी में 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। किन्नौर जिले के कल्पा में यह 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

प्रदेश के अन्य मौसम केंद्रों में भी न्यूनतम तापमान अलग-अलग दर्ज किया गया। मनाली में 7.2 डिग्री, सियोबाग में 7.5 डिग्री, बजौरा में 8.0 डिग्री और भुंतर में 8.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। सोलन में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री, कुफरी में 9.6 डिग्री, सुंदरनगर में 9.8 डिग्री, पालमपुर में 10.0 डिग्री और चंबा में 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंडी में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री, बिलासपुर में 12.0 डिग्री और शिमला में 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जुब्बड़हट्टी, भरमौर और बरठीं में यह 13.0 डिग्री, ऊना और कांगड़ा में 13.2 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 14.0 डिग्री, नाहन में 14.9 डिग्री, धर्मशाला में 15.8 डिग्री, नेरी में 16.3 डिग्री, सराहन में 17.3 डिग्री और पांवटा साहिब में 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

न्यूनतम तापमान के आंकड़ों के अनुसार मंडी और बिलासपुर में रातें शिमला से ठंडी रहीं। मंडी में न्यूनतम तापमान शिमला के मुकाबले 0.9 डिग्री और बिलासपुर में 0.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। वहीं, जनजातीय क्षेत्रों में रात का तापमान सबसे कम रहा, जहां ताबो में यह 0.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

शुक्रवार को प्रदेश में धूप खिली रही और मौसम साफ रहा, लेकिन शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण बारिश-बर्फबारी का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 अक्टूबर तक कई क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है, जबकि 26 से 29 अक्टूबर तक मौसम साफ रहने का अनुमान है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा