हिमाचल में मॉनसून फिर बढ़ाएगा परेशानी, 31 अगस्त से भारी बारिश का येलो अलर्ट
शिमला, 27 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मानसून अगले कुछ दिनों में फिर रफ्तार पकड़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 31 अगस्त, 1 और 2 सितंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इससे पहले 28 से 30 अगस्त तक मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। इन तीन दिनों के लिए मौसम विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।
पिछले दो दिनों में मानसून कमजोर रहने के कारण प्रदेश में व्यापक बारिश नहीं हुई है। हालांकि कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। वीरवार को राजधानी शिमला में दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। बीते 24 घंटे के दौरान सिरमौर के नाहन में सबसे अधिक 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मंडी के गोहर में 30 मिलीमीटर, कांगड़ा के धर्मशाला में 30 मिलीमीटर और सोलन के नालागढ़ में भी 30 मिलीमीटर बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 9 फीसदी कम बारिश हुई है। राज्य के चार जिलों शिमला, सिरमौर, कुल्लू और बिलासपुर में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश के बाकी आठ जिलों में बारिश सामान्य से कम रही है।
बारिश के कारण प्रदेश में जनजीवन पर असर बना हुआ है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार वीरवार शाम तक भूस्खलन के कारण प्रदेश में 70 सड़कें बंद थीं। इसके अलावा 60 बिजली ट्रांसफार्मर और एक पेयजल योजना भी प्रभावित रही। मंडी जिले में सबसे अधिक 29 सड़कें और कुल्लू में 16 सड़कें बंद थीं। बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्या में मनाली में 30 और सुंदरनगर में 22 ट्रांसफार्मर खराब रहे।
इस मानसून सीजन में बारिश और इससे जुड़ी घटनाओं ने प्रदेश में भारी नुकसान किया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार 30 जून से अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 247 लोगों की मौत हुई है, जबकि 396 लोग घायल हुए हैं। इस अवधि में 96 घर, 17 दुकानें और 377 पशुशालाएं पूरी तरह ध्वस्त हुई हैं। 429 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।
सरकार के आकलन के अनुसार मानसून के दौरान प्रदेश में अब तक करीब 1,183 करोड़ रुपये की संपत्ति को नुकसान हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

