home page

हिमाचल में भारी बारिश, सिरमौर में गिरि जटोन बैराज डैम से दो बार छोड़ा गया पानी, 10 अगस्त तक अलर्ट

 | 
हिमाचल में भारी बारिश, सिरमौर में गिरि जटोन बैराज डैम से दो बार छोड़ा गया पानी, 10 अगस्त तक अलर्ट


शिमला, 04 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मानसून के सक्रियता से कई हिस्सों में लगातार बारिश दर्ज की जा रही है। मंगलवार सुबह से शिमला सहित अधिकांश इलाकों में तेज बारिश हो रही है, जबकि सिरमौर जिले के कई इलाकों में देर रात से ही लगातार वर्षा जारी है। मौसम विभाग ने आज राज्य के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

विभाग के अनुसार 5 से 10 अगस्त तक भी प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने लोगों से नदियों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। अगले 24 घंटों के लिए चंबा और कांगड़ा जिलों में फ्लैश फ्लड का अलर्ट भी जारी किया गया है।

बीते 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक 142 मिलीमीटर बारिश सिरमौर जिले के ददाहू में दर्ज की गई। इसके बाद बिलासपुर जिले के नैना देवी में 140.8 मिलीमीटर, सिरमौर के नाहन में 117.6 मिलीमीटर, सिरमौर के जटोन बैराज में 70.4 मिलीमीटर, धौलाकुआं में 68.5 मिलीमीटर, बिलासपुर के मलरोन में 64.2 मिलीमीटर, ओलिंडा में 60.6 मिलीमीटर, ऊना में 57 मिलीमीटर, कांगड़ा के नगरोटा सूरियां में 43 मिलीमीटर, ऊना के नंगल डैम में 42 मिलीमीटर, कांगड़ा के घमरूर में 41.4 मिलीमीटर और देहरा गोपीपुर में 39.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार कांगड़ा जिले में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बिजली भी चमकी।

लगातार बारिश के बीच सिरमौर जिले के गिरि जटोन बैराज डैम से मंगलवार सुबह पानी छोड़ा गया। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सूचना जारी कर बताया कि बैराज के गेट नंबर चार से सुबह पानी छोड़ा गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नदी का जलस्तर बढ़ सकता है और निचले मैदानी क्षेत्रों में पानी फैलने की आशंका है। लोगों से नदी और उसके किनारों के पास नहीं जाने की अपील की गई है। पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय लोगों से भी यह सूचना अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया गया है। लगातार बारिश के कारण बैराज से दिन में दूसरी बार भी पानी छोड़ा गया।

बारिश और भूस्खलन का असर प्रदेश के सड़क, बिजली और पेयजल नेटवर्क पर भी पड़ा है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार भूस्खलन के कारण प्रदेश में 109 सड़कें बंद हैं। इनमें मंडी जिले में 43, कुल्लू में 39, सिरमौर में 8, शिमला और चंबा में 6-6, कांगड़ा में 5 तथा ऊना में 2 सड़कें अवरुद्ध हैं। इसके अलावा 6 बिजली ट्रांसफार्मर और 30 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हैं।

मौसम विभाग के अनुसार आज कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 5 और 6 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। 7 अगस्त को भी कई क्षेत्रों में भारी वर्षा के आसार हैं, जबकि 8, 9 और 10 अगस्त को भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा