home page

हिमाचल में भारी बारिश की चेतावनी, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, चार अगस्त तक खराब रहेगा

 | 
हिमाचल में भारी बारिश की चेतावनी, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, चार अगस्त तक खराब रहेगा


शिमला, 29 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मानसून के सक्रिय रहने के बीच मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 30 और 31 जुलाई को प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने 30 जुलाई को चंबा, कांगड़ा और मंडी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि कुल्लू, शिमला, सिरमौर और किन्नौर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 31 जुलाई को चंबा और कांगड़ा में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इस दिन कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। एक अगस्त को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में येलो अलर्ट रहेगा। वहीं दो अगस्त को चंबा, किन्नौर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 3 व 4 अगस्त को भी कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों को भूस्खलन, अचानक बाढ़ और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है। लोगों से नदी-नालों के किनारे नहीं जाने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की अपील की गई है। भारी बारिश के दौरान यातायात बाधित होने और कृषि-बागवानी को नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई गई है।

प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश रिकॉर्ड की गई। कांगड़ा जिले के पालमपुर में सबसे अधिक 112 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कांगड़ा में 105 मिलीमीटर, धर्मशाला में 82, रामपुर में 45, गूलेर में 42 और जोत में 41 मिलीमीटर बारिश हुई।

बारिश का असर सड़कों पर भी दिखाई दे रहा है। प्रदेश में भूस्खलन और अन्य कारणों से करीब 100 सड़कें बंद हैं। मंडी, कुल्लू और चंबा जिले सबसे अधिक प्रभावित हैं। कई क्षेत्रों में बिजली ट्रांसफार्मर और पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।

शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में डेट ज्यूरी के समीप नेशनल हाईवे-5 बुधवार तड़के पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण बाधित हो गया। लगातार मलबा और पत्थर गिरने से मार्ग खोलने में परेशानी आई। एनएच प्राधिकरण की मशीनरी और कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर बहाली का काम शुरू किया और सुबह करीब 11 बजे हाईवे को यातायात के लिए खोल दिया गया।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटे में चंबा जिले में फ्लैश फ्लड की दो घटनाएं सामने आईं। चंबा शहर के सुल्तानपुर क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ से 28 मकान, एक दुकान और एक पशुशाला को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बहाली कार्यों में जुटी हैं।

भारी बारिश की संभावना को देखते हुए सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में बुधवार को सभी शिक्षण संस्थान बंद रखे गए। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

राजधानी शिमला में पिछले दिन की तुलना में बुधवार को बारिश का दौर कम रहा। दिन भर आसमान में बादल छाए रहे। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी कई स्थानों पर बादल छाए रहे और बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में सतर्क रहने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा