home page

हिमाचल में नवंबर में 82 फीसदी कम बारिश, 3 दिसंबर तक शुष्क रहेगा मौसम

 | 
हिमाचल में नवंबर में 82 फीसदी कम बारिश, 3 दिसंबर तक शुष्क रहेगा मौसम


शिमला, 27 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नवंबर के दौरान सामान्य से 82 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश में लगातार शुष्क मौसम के चलते सूखी ठंड का असर बढ़ रहा है। जनजातीय और अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 3 दिसंबर तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान कहीं भी बारिश या बर्फबारी होने की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार नवंबर में प्रदेश में सामान्य रूप से 17.1 मिलीमीटर बारिश होती है, जबकि इस बार अब तक केवल 3.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। बिलासपुर, हमीरपुर, सिरमौर और ऊना में बारिश की कमी 100 फीसदी रही। कांगड़ा में 99, कुल्लू और मंडी में 98, सोलन में 96, शिमला में 91, चंबा में 87, लाहौल-स्पीति में 66 और किन्नौर में 52 फीसदी कम बारिश हुई है।

लाहौल-स्पीति का ताबो प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को भी प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा। बिलासपुर में घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 50 मीटर रह गई। इससे सुबह के समय वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने एक दिसंबर तक बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी जिलों के निचले पहाड़ी और मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी देर रात और सुबह के समय के लिए है।

डॉक्टरों ने सूखी ठंड के बीच लोगों को पर्याप्त पानी पीने और शरीर को गर्म रखने की सलाह दी है। घरों के भीतर नमी बनाए रखने पर भी ध्यान देने को कहा है। चिकित्सकों के अनुसार शुष्क और ठंडा मौसम सांस संबंधी परेशानियां, गले में खराश, त्वचा में रूखापन और मौसमी संक्रमण बढ़ा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा