home page

हिमाचल में जून की तपिश से राहत, 9 जून तक बरसेंगे बादल, अगले 3 दिन अलर्ट

 | 
हिमाचल में जून की तपिश से राहत, 9 जून तक बरसेंगे बादल, अगले 3 दिन अलर्ट


शिमला, 03 जून (हि.स.)। जून के पहले सप्ताह हिमाचल प्रदेश में कहीं भी प्रचंड गर्मी का कहर नहीं है और आगामी दिनों तक भी इसी तरह सुहावना बना रहेगा। मौसम विभाग का ताजा पूर्वानुमान बताता है कि राज्य में 9 जून तक वेस्टर्न डिस्टरवेन्स लगातार सक्रिय बना रह सकता है। इसके असर से पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक लोगों को फिलहाल तेज गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन इसके साथ ही आंधी, ओलावृष्टि, बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ बारिश का खतरा भी बना रहेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से अगले एक सप्ताह तक अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। विभाग ने 4 और 5 जून को कई इलाकों में ओलावृष्टि की आशंका जताई है। 4 और 5 जून के लिए कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। 6 जून तक कई जिलों में तेज हवाएं चलने, आकाशीय बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ वर्षा होने की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान खेतों में काम कर रहे किसानों, बागवानों, पर्यटकों और खुले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। तेज हवाओं और ओलावृष्टि से फलों तथा मौसमी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी बनी हुई है।

बीते 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का यही बदला हुआ स्वरूप देखने को मिला। शिमला जिले के रोहड़ू में सबसे अधिक 30 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। सिरमौर के राजगढ़ में 20 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा मनाली, मुरारी देवी और राजगढ़ में 6-6 मिलीमीटर तथा जोगिंद्रनगर में 5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

केवल बारिश ही नहीं, कई स्थानों पर बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की घटनाएं भी सामने आईं। शिमला, कांगड़ा और मुरारी देवी क्षेत्रों में बिजली चमकने की घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि ताबो और सुंदरनगर में तेज आंधी चली। हालांकि किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

मौसम के इस बदले मिजाज का असर तापमान पर भी दिखाई दे रहा है। राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह और रात के समय ठंडक बनी हुई है। बुधवार को दर्ज न्यूनतम तापमान में लाहौल स्पीति जिला के कुकुमसेरी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद ताबो में 6.2, केलांग में 6.3 और कल्पा में 10.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ।

मध्य और निचले पर्वतीय क्षेत्रों में कुफरी का न्यूनतम तापमान 11.9, सराहन 14.5, मनाली 15.0, शिमला 15.8, सोलन 17.0, सिओबाग 17.5, धर्मशाला 17.6, पालमपुर 18.0 और नाहन 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं भुंतर में 19.0, कांगड़ा और चंबा में 19.3, जुब्बड़हट्टी में 19.8, सुंदरनगर में 20.7, बरठीं में 20.8, ऊना में 21.8, मंडी में 22.0 और बिलासपुर में 23.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। देहरा गोपीपुर और पांवटा साहिब सबसे गर्म स्थानों में शामिल रहे, जहां न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा