हिमाचल में 6-7 जुलाई को बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, किन्नौर में हिंदुस्तान-तिब्बत राष्ट्रीय राजमार्ग बहाल
शिमला, 03 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मानसून की रफ्तार बीते 24 घंटों के दौरान कुछ धीमी रही और राज्य में व्यापक वर्षा दर्ज नहीं की गई। मौसम विभाग ने अब अगले कुछ दिनों के लिए फिर से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। सबसे अधिक चिंता 6 और 7 जुलाई को लेकर है, जब कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम को देखते हुए ही यात्रा करने की सलाह दी है।
उधर, किन्नौर जिले के चोलिंग में मलबा हटाकर हिंदुस्तान-तिब्बत राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-5) को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार आज व कल 4 जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। 5 जुलाई को फिर अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। 6 व 7 जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 8 व 9 जुलाई को भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा।
बीते 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। सबसे अधिक 32 मिलीमीटर वर्षा मंडी जिले के बलद्वारा में दर्ज की गई। इसके अलावा शिमला जिला के सराहन में 27 मिलीमीटर, बिलासपुर में 26 मिलीमीटर और शिमला शहर में 20 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। कई स्थानों पर गरज के साथ बिजली चमकी, जबकि बर्फबारी और ओलावृष्टि दर्ज नहीं की गई।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार शुक्रवार सुबह तक भूस्खलन के कारण प्रदेश में 60 सड़कें बंद थीं। कुल्लू जिले में सबसे अधिक 30 सड़कें प्रभावित हैं। इसके अलावा राज्य भर में 68 बिजली ट्रांसफार्मर और 27 पेयजल योजनाएं भी ठप हैं। सबसे अधिक 38 ट्रांसफार्मर मंडी जिले में बंद हैं, जबकि 27 पेयजल योजनाएं चंबा जिले में प्रभावित हैं। प्रदेश में मानसून ने 30 जून को दस्तक दी थी। तब से अब तक वर्षाजनित हादसों में 11 लोगों की मौत हो चुकी है और 12 लोग घायल हुए हैं। सात कच्चे मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि एक कच्चा मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया है।
इस बीच किन्नौर जिले के चोलिंग में भारी वर्षा के बाद नाले में आई बाढ़ से बड़ी मात्रा में मलबा एनएच-5 पर आ गया था, जिससे हिंदुस्तान-तिब्बत राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया और कई वाहन मलबे में दब गए। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली।
उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि मशीनें लगाकर मलबा हटाया गया और राष्ट्रीय राजमार्ग को बहाल कर दिया गया है। वहीं रिब्बा क्षेत्र में तेज बारिश के बाद रिब्बा खड्ड में आई बाढ़ से रिब्बा-कंडे संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होकर बंद हो गया है। प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है और प्रभावित मार्ग को बहाल करने का काम जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

