हिमाचल में मार्च में कई जगह चली लू, चार दिन तूफ़ान-बिजली का अलर्ट
शिमला, 09 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मार्च के महीने में ही मौसम का मिजाज तेजी से बदलता दिख रहा है और कई इलाकों में गर्मी अचानक बढ़ गई है। बीते 24 घंटों के दौरान सुंदरनगर, भुंतर, धर्मशाला और सोलन में लू का असर देखने को मिला, जहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार सुंदरनगर में अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री, भुंतर में 31.4 डिग्री, धर्मशाला में 30.1 डिग्री और सोलन में 30.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से काफी ज्यादा है। मार्च के शुरुआती दिनों में ही इन शहरों में लोगों को जून जैसी गर्मी महसूस होने लगी है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटों में यानी 10 मार्च को भी प्रदेश के कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना बनी हुई है। इसके बाद मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं, क्योंकि एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने वाला है। इसके प्रभाव से 11, 12, 14 और 15 मार्च को प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार इन दिनों कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है। पहाड़ी और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार जताए गए हैं, जबकि मैदानी और निचले क्षेत्रों में वर्षा होने की संभावना है।
विभाग का कहना है कि पिछले कई दिनों से प्रदेश में बादल नहीं बरसे हैं, जिससे तापमान लगातार बढ़ रहा है और गर्मी का असर बढ़ने लगा है। दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। इसका असर पर्यटन स्थलों पर भी दिखाई दे रहा है।
राज्य की राजधानी शिमला और पर्यटन नगरी मनाली में भी रातें अपेक्षाकृत गर्म हो गई हैं और न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया है। शिमला में सोमवार को न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मनाली में रात का तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री, भुंतर में 10.1 डिग्री, कल्पा में 6.0 डिग्री, धर्मशाला में 10.4 डिग्री, ऊना में 14.5 डिग्री, नाहन में 15.1 डिग्री, केलांग में 4.7 डिग्री, पालमपुर में 14.5 डिग्री, सोलन में 10.5 डिग्री, कांगड़ा में 14.4 डिग्री, मंडी में 12.2 डिग्री और बिलासपुर में 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह जुब्बड़हट्टी में 17.2 डिग्री, कुकुमसेरी में 2.2 डिग्री, सराहन में 9.6 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 17.0 डिग्री और कसौली में 17.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
राज्य में एक माह से ज्यादा समय से बादल नहीं बरसे हैं। राजधानी शिमला सहित अन्य जगह आज भी धूप खिली है। मैदानी हिस्सों में तीखी धूप से बचने के लिये लोग छातों का सहारा ले रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

