home page

हिमाचल में उमस बढ़ी, ऊना में पारा 36 डिग्री पार, शिमला-मनाली भी तपे

 | 
हिमाचल में उमस बढ़ी, ऊना में पारा 36 डिग्री पार, शिमला-मनाली भी तपे


शिमला, 14 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को तेज धूप निकलने के साथ ही गर्मी ने फिर रफ्तार पकड़ ली। पिछले कई दिनों से बारिश, बादलों और ठंडी हवाओं के कारण राहत महसूस कर रहे लोगों को अब निचले और मैदानी इलाकों में तपिश सताने लगी है। इसका असर पहाड़ी पर्यटन स्थलों पर भी दिखा, जहां शिमला और मनाली जैसे हिल स्टेशनों में तापमान बढ़ने से पर्यटकों को दिन के समय गर्मी महसूस हुई। इससे पहले लगातार बारिश और ठंडे मौसम के कारण इन इलाकों में हल्की सर्दी जैसा असर बना हुआ था।

प्रदेश में गुरुवार को ऊना सबसे गर्म स्थान रहा। यहां अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2.2 डिग्री ज्यादा है। सुंदरनगर में तापमान 35.5 डिग्री, बरठीं में 34.6, मंडी में 34.4 डिग्री दर्ज हुआ। धर्मशाला और भुंतर में पारा 33-33 डिग्री तक पहुंच गया। शिमला में अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक है। वहीं मनाली में 25.5 और कल्पा में 22 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। मौसम साफ रहने से दोपहर के समय धूप काफी तेज महसूस की गई।

हालांकि, प्रदेश में मौसम पूरी तरह स्थिर नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने 15 और 16 मई के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में अंधड़, बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश की संभावना भी जताई गई है।

अलर्ट के बीच बीती रात भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट बदली। शिमला, हमीरपुर, बिलासपुर और कांगड़ा समेत कई इलाकों में तेज हवाएं चलीं और हल्की से मध्यम बारिश हुई। कई जगह अचानक अंधड़ आने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। राहत की बात यह रही कि कहीं से भी किसी जानी नुकसान की सूचना नहीं मिली।

पिछले 24 घंटों के दौरान धर्मशाला में सबसे अधिक 18.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा ओलिंडा में 11.4, नंगल डैम में 9.2, आरएल बीबीएमबी में 7.4, कुफरी में 6.0, ऊना में 5.4, घमरूर में 4.0, कांगड़ा में 3.6 और सियोबाग व मुरारी देवी में 2.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। शिमला, कल्पा और बरठीं में भी हल्की वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक शिमला, सुंदरनगर, कांगड़ा, भुंतर और मुरारी देवी में गरज के साथ बिजली चमकी, जबकि सियोबाग में 48 और सुंदरनगर के केवीके क्षेत्र में 33 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा