हिमाचल में बढ़ी तपिश, शिमला में सीजन का सबसे गर्म दिन
शिमला, 18 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम खुलने से गर्मी का असर तेज़ी से बढ़ने लगा है। राजधानी शिमला में शनिवार को इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। यह सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में औसतन करीब 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे लोगों को दिन के समय तेज़ गर्मी महसूस होने लगी है।
राज्य के कई मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। बिलासपुर जिले का बरठीं प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा ऊना में 35.7 डिग्री, नाहन में 34.3 डिग्री, मंडी में 34.2 डिग्री, सुंदरनगर में 33.6 डिग्री और कांगड़ा में 33.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं पर्यटन स्थल मनाली में अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार पूरे प्रदेश का औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है।
हालांकि इससे पहले बीती रात ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम बदला हुआ रहा। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि मध्य और निचले इलाकों में कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई। सबसे अधिक वर्षा मंडी जिला के सलापड़ में 21.0 मिलीमीटर और चंबा जिले के सलूणी में 18.3 मिलीमीटर दर्ज की गई। इसके अलावा कुकुमसेरी में 14.4 मिलीमीटर, सांगला में 7.8 मिलीमीटर और कल्पा में 5.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चलीं और सियोबाग में हवा की रफ्तार 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची।
शनिवार को हालांकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा और शिमला व मनाली समेत कई इलाकों में दिनभर तेज धूप खिली रही। इसके कारण लोगों को दिन के समय गर्मी का ज्यादा एहसास हुआ।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि कल्पा में 4.6 डिग्री, ताबो में 5.0 डिग्री, सराहन में 7.3 डिग्री और मनाली में 8.5 डिग्री दर्ज किया गया। शिमला में रात का तापमान 15.6 डिग्री और ऊना तथा कांगड़ा में 16.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान यानी रविवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इन जिलों में आंधी और बिजली गिरने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। 20 अप्रैल को केवल ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि 21 से 23 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने और तापमान में और बढ़ोतरी होने के आसार हैं। वहीं 24 अप्रैल को मैदानी इलाकों को छोड़कर अन्य हिस्सों में फिर से बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

