home page

हिमाचल में फिर बढ़ने लगी तपिश, 11 जून से बदलेगा मौसम

 | 
हिमाचल में फिर बढ़ने लगी तपिश, 11 जून से बदलेगा मौसम


शिमला, 06 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों तक हुई बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन अब मौसम साफ होने और तेज धूप निकलने से प्रदेश में एक बार फिर तापमान बढ़ने लगा है। शनिवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा और धूप खिलने से गर्मी का असर पहले की तुलना में अधिक महसूस किया गया। खासकर मैदानी और निचले इलाकों में दोपहर के समय तेज धूप ने लोगों को परेशान किया।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा, जिससे गर्मी का प्रभाव और बढ़ सकता है। हालांकि 11 जून से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद मौसम में बदलाव आने और कई क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 8 जून तक राज्य के अधिकांश मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान केवल कुछ ऊंचे पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। 9 और 10 जून को भी पूरे प्रदेश में मौसम के साफ रहने का पूर्वानुमान है। लगातार धूप रहने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। इसका असर सबसे अधिक मैदानी जिलों में देखने को मिल सकता है, जहां तापमान फिर से 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है।

विभाग का कहना है कि 11 और 12 जून को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से राज्य के निचले क्षेत्रों से लेकर पहाड़ी इलाकों तक बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं। बारिश होने से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। यह दौर प्री-मानसून गतिविधियों का हिस्सा माना जा रहा है। सामान्य तौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून 25 जून के आसपास हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करता है।

इस बीच, शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक दर्ज न्यूनतम तापमान के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के कई क्षेत्रों में रात का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। सबसे अधिक न्यूनतम तापमान पांवटा साहिब में 26.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद नेरी में 24.1 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 23.0 डिग्री, बिलासपुर में 22.5 डिग्री, मंडी में 21.7 डिग्री, ऊना में 20.7 डिग्री, कांगड़ा में 20.2 डिग्री, बरठीं में 19.6 डिग्री, सुंदरनगर में 19.1 डिग्री और जुब्बड़हट्टी में 18.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहा। धर्मशाला और नाहन में 17.7 डिग्री, चंबा में 17.2 डिग्री, शिमला में 15.8 डिग्री, भुंतर में 15.4 डिग्री, सराहन में 15.1 डिग्री, सियोबाग में 14.0 डिग्री, मनाली में 11.9 डिग्री, कुफरी मेंओ 10.7 डिग्री, कल्पा में 8.0 डिग्री, ताबो में 6.6 डिग्री तथा केलांग और कुकुमसेरी में 5.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा