home page

हिमाचल में दूसरे दिन भी लू का कहर, 45 डिग्री के करीब पारा, शिमला-मनाली तक तपे

 | 
हिमाचल में दूसरे दिन भी लू का कहर, 45 डिग्री के करीब पारा, शिमला-मनाली तक तपे


शिमला, 21 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मई की गर्मी अब मैदानों से निकलकर पहाड़ों तक पहुंच गई है। गुरुवार को लगातार दूसरे दिन राज्य के कई इलाकों में लू चली और मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ पहाड़ी इलाके भी भीषण गर्मी से बेहाल रहे। ऊना प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हमीरपुर के नेरी में पारा 41 डिग्री तक पहुंच गया। इन इलाकों में लगातार दूसरे दिन लू जैसी स्थिति रही। ठंडे मौसम के लिए पहचाने जाने वाले शिमला, मनाली और कल्पा जैसे हिल स्टेशनों में भी लोगों और सैलानियों को गर्मी का एहसास होने लगा है। राजधानी शिमला का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री ज्यादा है। इसी तरह किन्नौर के कल्पा में तापमान 26.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया। हिल स्टेशन मनाली का तापमान 28.6 डिग्री पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री ज्यादा है।

गुरुवार सुबह से ही राज्य के ज्यादातर इलाकों में तेज धूप खिली रही। दोपहर के समय मैदानों में हालात ऐसे रहे कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। बाजारों और सड़कों पर आवाजाही भी कम दिखाई दी। लगातार बढ़ती गर्मी का असर लोगों की दिनचर्या पर भी साफ दिखाई दे रहा है।

प्रदेश में उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार ऊना के बाद नेरी 41 डिग्री, सुंदरनगर 39.9 डिग्री, मंडी 38.8 डिग्री, नाहन 38.7 डिग्री, कांगड़ा 38.4 डिग्री, बरठीं 38.3 डिग्री, धर्मशाला और सोलन 36 डिग्री, भुंतर 35.1 डिग्री, चंबा 34.7 डिग्री, जुब्बड़हट्टी 33.6 डिग्री, शिमला 30.5 डिग्री, मनाली 28.6 डिग्री, कल्पा 26.5 डिग्री, कुफरी 25 डिग्री और केलांग 21 डिग्री तापमान के साथ दर्ज किए गए।

राज्य भर में दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म बनी हुई हैं। राज्य में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है, जिससे लोगों को रात के समय भी राहत नहीं मिल रही। नेरी में न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि पांवटा साहिब में 26 डिग्री, देहरा गोपीपुर और पालमपुर में 25 डिग्री, बिलासपुर में 22.5 डिग्री, ऊना में 21.8 डिग्री, नाहन और कांगड़ा में 21.5 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 21.4 डिग्री और शिमला में 20.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। मनाली में रात का तापमान 14.4 डिग्री और कल्पा में 11 डिग्री रहा, जो सामान्य से ऊपर है। यही वजह है कि पहाड़ी इलाकों में भी रातें गर्म महसूस की जा रही हैं।

भीषण गर्मी को देखते हुए सिरमौर जिले के पांवटा साहिब और ऊना में प्रशासन ने कुछ स्कूलों के समय में बदलाव किया है। बच्चों को दोपहर की तेज धूप और लू से बचाने के लिए स्कूल सुबह जल्दी खोले जा रहे हैं। लोगों को भी दोपहर के समय जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक अब अगले दो दिन मौसम बदलने की संभावना है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर राज्य के बाकी 10 जिलों में 22 और 23 मई को आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 24 और 25 मई को मैदानी इलाकों को छोड़कर बाकी क्षेत्रों में बादल बरस सकते हैं। 26 मई को केवल ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना है, जबकि 27 मई को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा