home page

हिमाचल प्रदेश में 44 डिग्री पहुंचा पारा, शिमला तक लू का असर, 22 मई से बारिश-आंधी का अलर्ट

 | 
हिमाचल प्रदेश में 44 डिग्री पहुंचा पारा, शिमला तक लू का असर, 22 मई से बारिश-आंधी का अलर्ट


शिमला, 20 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। मैदानी इलाकों में सुबह 10 बजे के बाद घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है, जबकि पहाड़ों पर भी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। ऊना में बुधवार को दिन का पारा इस सीजन में पहली बार 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। ऊना के अलावा कांगड़ा, शिमला और सोलन में लू जैसी स्थिति रही।

गर्मी के प्रकोप से हालात ऐसे रहे कि दिन के समय बाजार सूने नजर आये। ठंडे माने जाने वाले शिमला में भी उमस और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया है। मॉल रोड और रिज पर दिन के समय पर्यटकों की चहल-पहल कम दिखाई दी। लोग घरों और दुकानों में पंखों का सहारा लेने को मजबूर हैं। महिलाएं और स्कूली बच्चे धूप से बचने के लिए छातों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे यानी 21 मई को भी ऊना, कांगड़ा, शिमला और सोलन में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही चंबा और कुल्लू में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। 22 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट है। 23 मई को भी चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 22 और 23 मई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल बरस सकते हैं, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। 24 मई को मध्य और उच्च पर्वतीय इलाकों में मौसम खराब रहेगा, हालांकि कोई अलर्ट नहीं है। 25 मई को फिर पूरे राज्य में बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 26 मई को मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है।

बुधवार को प्रदेश का सबसे गर्म स्थान ऊना रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सुंदरनगर में 39.2, कांगड़ा में 39, नाहन और मंडी में 38.3, बरठीं में 38, सोलन में 36.5, भुंतर में 35.1, चंबा में 34.8 और जुब्बड़हट्टी में 32.8 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 5.5 डिग्री ज्यादा है।

मौसम विभाग के मुताबिक शिमला में अब तक अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक ही रिकॉर्ड हुआ है। मनाली में अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.5 डिग्री ज्यादा है, जबकि कल्पा का तापमान 25.5 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक है। केलांग में 21.3 और ताबो में 23.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

रात के समय के न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शिमला का न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री ज्यादा है। नेरी में रात का तापमान 27 डिग्री, बिलासपुर, पांवटा साहिब और देहरा गोपीपुर में 24 डिग्री, पालमपुर और जुब्बड़हट्टी में 23 डिग्री, धर्मशाला में 21.2 और ऊना में 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा