home page

हिमाचल में कई जगह बारिश-ओलावृष्टि से लौटी ठंड, शिमला में भी गिरे ओले

 | 
हिमाचल में कई जगह बारिश-ओलावृष्टि से लौटी ठंड, शिमला में भी गिरे ओले


शिमला, 23 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में तीन दिन की राहत के बाद सोमवार को एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली। राज्य के कई हिस्सों में अचानक बादल छाए और बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। राजधानी शिमला में सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद तेज बारिश, बादलों की गड़गड़ाहट और ओलावृष्टि ने मौसम को ठंडा कर दिया। निचले इलाकों में भी कई जगह बारिश और ओले गिरने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को फिर से ठंड का अहसास होने लगा।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। शिमला में अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि मनाली में अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राज्य के कई हिस्सों में सुबह से ही मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे थे। शिमला में सुबह धूप खिली रही, लेकिन दोपहर होते-होते बादल घिर आए और तेज बारिश शुरू हो गई। इसके साथ ही ओलावृष्टि और बादलों की तेज गड़गड़ाहट भी सुनाई दी। इसी तरह प्रदेश के निचले क्षेत्रों में भी कई स्थानों पर बारिश और ओले गिरे, जिससे किसानों और बागवानों की चिंता भी बढ़ी है।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए भी मौसम के खराब रहने का पूर्वानुमान जताया है। विभाग के अनुसार 26 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

पूर्वानुमान के मुताबिक 29 मार्च तक प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं और बीच-बीच में बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इस दौरान हल्की बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।

इस बीच प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान भी अपेक्षाकृत कम दर्ज किया गया है। शिमला में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि मनाली में 6.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा कल्पा में 2.6 डिग्री, धर्मशाला में 8.9 डिग्री, ऊना में 12.4 डिग्री, नाहन में 9.5 डिग्री, पालमपुर और सोलन में 10-10 डिग्री, कांगड़ा में 12.9 डिग्री और मंडी में 12.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री और ताबो में माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश के सबसे ठंडे स्थानों में शामिल रहे।

बता दें कि मार्च महीने में इस बार मौसम लगातार करवट बदल रहा है। महीने के पहले पखवाड़े में लंबे समय तक मौसम शुष्क रहने के कारण कई जगह मई जैसी गर्मी महसूस की गई थी, लेकिन 18 मार्च के बाद मौसम बदला और अब एक बार फिर बारिश और ओलावृष्टि के कारण प्रदेश में ठंडक लौट आई है। आने वाले दिनों में भी मौसम का यही बदला हुआ रुख जारी रहने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा