हिमाचल में सीजन की सबसे सर्द रात, ताबो में पारा -6.1 डिग्री, चार दिन घने कोहरे का अलर्ट
शिमला, 25 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नवंबर के अंतिम सप्ताह में सर्दी ने तेवर तीखे कर दिए हैं। मंगलवार रात इस सीजन की अब तक की सबसे सर्द रात रही। जनजातीय क्षेत्र ताबो में न्यूनतम तापमान गिरकर माइनस 6.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि कुकुमसेरी में पारा माइनस 3.7 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के कई अन्य इलाकों में भी रात का तापमान सामान्य से नीचे रहा। नौ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 से 3 डिग्री तक कम दर्ज किया गया। खास बात यह है कि मैदानी और निचले इलाकों बिलासपुर, कांगड़ा, ऊना और मंडी की रातें राजधानी शिमला और पर्यटन स्थल कुफरी से ज्यादा ठंडी रहीं। नदी किनारे के इलाकों में कोहरा छाने से सुबह दृश्यता भी प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी के कुछ क्षेत्रों में अगले चार दिन यानी 29 नवंबर तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, पहली दिसंबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
ताबो में माइनस 6.1 डिग्री, ऊंचे इलाकों में जमने लगा पानी
जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में ठंड का असर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। बुधवार सुबह 8:30 बजे दर्ज आंकड़ों के अनुसार ताबो प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी जिला के कुकुमसेरी में भी पारा माइनस 3.7 डिग्री रहा, जबकि केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इन क्षेत्रों में रात के समय तापमान शून्य से नीचे रहने के कारण झीलों, झरनों और नालों का पानी जमने लगा है। लाहौल-स्पीति के साथ किन्नौर और कुल्लू के ऊंचाई वाले इलाकों में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
नौ स्थानों पर सामान्य से नीचे रहा न्यूनतम तापमान
प्रदेश के नौ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। इनमें भुंतर में 2.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है। सुंदरनगर में 3.7 डिग्री तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री नीचे रहा। सोलन में 3.8 डिग्री तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री कम दर्ज किया गया। चंबा में न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम है। मंडी में 4.9 डिग्री तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री नीचे दर्ज हुआ।
इसी तरह पालमपुर में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री कम है। बिलासपुर में 7 डिग्री तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। कांगड़ा में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम है। नाहन में पारा 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री नीचे रहा।
मैदानी इलाकों में शिमला और कुफरी से ज्यादा ठंड
प्रदेश में ठंड का असर इस बार निचले इलाकों में भी साफ दिखाई दे रहा है। बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री, कांगड़ा में 7.5 डिग्री, ऊना में 7.9 डिग्री और मंडी में 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके मुकाबले हिल स्टेशनों में शिमला का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री और कुफरी का 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा। यानी बिलासपुर में शिमला के मुकाबले 3.2 डिग्री, कांगड़ा में 2.7 डिग्री और ऊना में 2.3 डिग्री कम तापमान दर्ज हुआ। मंडी की रात तो शिमला से 5.3 डिग्री और कुफरी से 5.2 डिग्री ज्यादा ठंडी रही।
बिलासपुर में दृश्यता 100 मीटर, चार दिन कोहरे का अलर्ट
प्रदेश के नदी किनारे स्थित मैदानी इलाकों में सुबह के समय कोहरे का असर बढ़ने लगा है। बुधवार सुबह बिलासपुर में दृश्यता घटकर 100 मीटर रह गई, जबकि मंडी में 400 मीटर दृश्यता दर्ज की गई। सुंदरनगर में भी कोहरे का असर देखने को मिला है। मौसम विभाग ने अगले चार दिन यानी 29 नवंबर तक बिलासपुर जिले में भाखड़ा बांध के जलाशय के आसपास के क्षेत्रों, हमीरपुर जिले के सुजानपुर टीहरा और आसपास के इलाकों तथा मंडी की बल्ह घाटी के कुछ स्थानों पर घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह और देर शाम को वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
पहली दिसंबर तक साफ रहेगा मौसम, दिन में धूप से राहत
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बुधवार को भी मौसम साफ बना हुआ है। शिमला और मनाली सहित कई स्थानों पर धूप खिलने से दिन के समय लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। हालांकि सुबह, शाम और रात के समय सूखी ठंड का असर बना हुआ है। बुधवार को प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटों के मुकाबले 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। यह औसत तापमान सामान्य से भी 0.2 डिग्री नीचे रहा। मौसम विभाग ने पहली दिसंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क और साफ बने रहने की संभावना जताई है। इस अवधि में बारिश और बर्फबारी का कोई पूर्वानुमान नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

