हिमाचल प्रदेश में सीजन की सबसे सर्द रात, तीन जगह माइनस में पहुंचा पारा
शिमला, 16 नवंबर (हि.स.)। पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद हिमाचल प्रदेश में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में रात का तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। सोमवार को प्रदेश के तीन मौसम केंद्रों में न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया। बीती रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटों के दौरान 5.7 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, दिन में धूप खिलने से मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम सुहावना बना हुआ है।
कुकुमसेरी सबसे ठंडा, केलांग में पारा -3.1 डिग्री
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से सोमवार सुबह 8:30 बजे तक दर्ज आंकड़ों के अनुसार लाहौल-स्पीति जिले का कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केलांग में पारा माइनस 3.1 डिग्री और कल्पा में माइनस 0.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा मनाली और सेओबाग में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद भुंतर में 3.6, कुफरी में 4.2, बरठीं में 5.7, सोलन में 6.0, सुंदरनगर और चंबा में 6.1, मंडी में 6.2, पालमपुर में 7.0, शिमला में 7.6, कांगड़ा में 8.2, जुब्बड़हट्टी में 9.4, ऊना में 10.2, नाहन में 10.8, बिलासपुर में 11.5, धर्मशाला में 12.0, नेरी में 12.5, देहरा गोपीपुर में 15.0, सराहन में 15.2 और पांवटा साहिब में 16.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
11 शहरों में सामान्य से नीचे रहा तापमान
प्रदेश के 11 मौसम केंद्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। इनमें नाहन में तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री, पालमपुर में 3.0 डिग्री, चंबा में 2.2 डिग्री, केलांग में 2.1 डिग्री और कल्पा में 2.0 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मंडी में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री, भुंतर में 1.4 डिग्री, शिमला में 0.8 डिग्री, कांगड़ा में 0.6 डिग्री, सुंदरनगर में 0.5 डिग्री और मनाली में 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं, ऊना, बिलासपुर और धर्मशाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहा। सोलन में यह सामान्य स्तर पर दर्ज किया गया।
सेओबाग में सबसे ज्यादा 8.2 डिग्री लुढ़का पारा
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के मौसम केंद्रों में न्यूनतम तापमान में अलग-अलग स्तर पर गिरावट दर्ज की गई। सेओबाग में न्यूनतम तापमान सबसे ज्यादा 8.2 डिग्री सेल्सियस गिरा। भुंतर में 5.8 डिग्री, बजौरा में 5.7 डिग्री, मंडी में 5.0 डिग्री, बरठीं में 4.9 डिग्री और चंबा में 4.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। मनाली में तापमान 4.0 डिग्री, सुंदरनगर, कल्पा और सोलन में 3.5-3.5 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 2.6 डिग्री, पालमपुर में 2.5 डिग्री, कांगड़ा में 2.3 डिग्री, शिमला में 1.4 डिग्री, ऊना में 1.2 डिग्री, नाहन और पांवटा साहिब में 1.0-1.0 डिग्री, कुकुमसेरी में 0.9 डिग्री, कुफरी में 0.7 डिग्री, केलांग में 0.6 डिग्री और बिलासपुर में 0.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सराहन में भी न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री गिरा। इसके विपरीत धर्मशाला में 0.2 डिग्री और देहरा गोपीपुर में 1.0 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, जबकि भरमौर में तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ।
22 नवंबर तक मौसम साफ रहने का अनुमान
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में 22 नवंबर तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। सोमवार को भी शिमला, मनाली सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली है। इससे दिन के समय ठंड का असर रात और सुबह के मुकाबले कम महसूस हुआ। हालांकि, रात के तापमान में गिरावट के चलते ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

