home page

हिमाचल में 15 अक्टूबर तक मौसम खराब, तीन जिलों में येलो अलर्ट

 | 
हिमाचल में 15 अक्टूबर तक मौसम खराब, तीन जिलों में येलो अलर्ट


शिमला, 09 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में 15 अक्टूबर तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इस दौरान राज्य के मैदानी और मध्य पर्वतीय इलाकों में बारिश हो सकती है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम में बदलाव के साथ पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 13 अक्टूबर को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में अंधड़ चलने, गरज-चमक और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बीती रात हल्का हिमपात हुआ, जबकि कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार को भी शिमला में बूंदाबांदी हुई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है।

पालमपुर में 30 मिलीमीटर बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान कांगड़ा जिले के पालमपुर में सबसे अधिक 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शिमला जिले के सराहन में 20 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा कुल्लू जिले के बजुआरा और कोठी तथा मंडी जिले के पंडोह में 10-10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राज्य के कुछ अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात भी हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार 13 अक्टूबर को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अंधड़ चलने, बिजली कड़कने और बारिश होने की आशंका है। अन्य दिनों के लिए भी मौसम विभाग ने 15 अक्टूबर तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जताया है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।

केलांग में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री

राज्य में रात के तापमान में भी अंतर दर्ज किया गया है। लाहौल-स्पीति जिले के केलांग में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बताए गए स्थानों में सबसे कम रहा। ताबो में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री, कुफरी में 8.6 डिग्री और मनाली में 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा