home page

हिमाचल में छह अक्टूबर से आंधी-बारिश और बिजली का येलो अलर्ट

 | 
हिमाचल में छह अक्टूबर से आंधी-बारिश और बिजली का येलो अलर्ट


शिमला, 04 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद मौसम साफ बना हुआ है, लेकिन अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से छह से 10 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का अनुमान है। इस दौरान छह, सात और आठ अक्टूबर को कई जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होने की भी संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार पांच अक्टूबर को मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम साफ रहने और धूप खिलने का अनुमान है। इसके बाद छह अक्टूबर से मौसम में बदलाव शुरू होगा। छह से 10 अक्टूबर तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम में बदलाव के साथ तापमान में गिरावट आ सकती है और पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर बढ़ सकता है।

छह अक्टूबर को बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट रहेगा। इस दौरान आंधी की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। सात अक्टूबर को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है।

आठ अक्टूबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है। इस दौरान बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है।

इस बीच रविवार को प्रदेशभर में मौसम साफ रहा और ज्यादातर क्षेत्रों में धूप खिली रही। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। मौसम साफ रहने के बीच ऊंचे और जनजातीय क्षेत्रों में रात के तापमान में गिरावट जारी है।

रविवार को लाहौल-स्पीति के ताबो में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केलांग में न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री, कल्पा में 9.4 डिग्री, मनाली में 11.6 डिग्री, शिमला में 15 डिग्री, भुंतर में 15.2 डिग्री और ऊना में 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा