हिमाचल में 15 अक्टूबर तक आंधी-बारिश का येलो अलर्ट, 18 से साफ होगा मौसम
शिमला, 13 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिन मौसम खराब रहने की आशंका है। मौसम विभाग ने 15 अक्टूबर तक प्रदेश के कई जिलों में आंधी चलने, बिजली कड़कने और बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है। 16 और 17 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। 18 और 19 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। मंगलवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में धूप खिली रही। बीते 24 घंटों में किन्नौर के निचार में 6.5 मिलीमीटर और शिमला जिले के सराहन में 3.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार आज से 15 अक्टूबर के दौरान अलग-अलग जिलों में मौसम बदल सकता है। इस दौरान गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है। ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान गिरने के साथ बर्फबारी भी हो सकती है। 16 और 17 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश के आसार बने रहेंगे। इसके बाद 18 और 19 अक्टूबर को मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।
मंगलवार को शिमला और मनाली सहित प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से धूप खिली है। हालांकि, रात और सुबह के तापमान में गिरावट के कारण ऊंचे इलाकों में ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार राज्य के विभिन्न स्थानों पर न्यूनतम तापमान में काफी अंतर दर्ज किया गया।
सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद कल्पा में 5.6 डिग्री, मनाली में 8.7 डिग्री, कुफरी में 10.6 डिग्री, बजौरा में 10.9 डिग्री, भुंतर में 11.2 डिग्री, पालमपुर में 12.0 डिग्री, सोलन में 12.4 डिग्री, शिमला में 13.0 डिग्री, चंबा में 13.2 डिग्री, सुंदरनगर में 13.4 डिग्री, कांगड़ा में 14.8 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 15.0 डिग्री, मंडी में 15.2 डिग्री, ऊना में 15.8 डिग्री, बिलासपुर में 16.0 डिग्री, बरठीं में 16.5 डिग्री, नाहन में 17.3 डिग्री, नेरी में 17.5 डिग्री, सराहन में 17.6 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 18.0 डिग्री और पांवटा साहिब में 21.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। ताबो में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

