हिमाचल में 16 मई तक बारिश-आंधी का अलर्ट
शिमला, 13 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में अगले चार दिनों तक मौसम पूरी तरह स्थिर रहने वाला नहीं है। मौसम विभाग ने 16 मई तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार, 13, 15 और 16 मई को प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 14 मई को भी कुछ स्थानों पर गर्जन और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। हालांकि 18 और 19 मई से मौसम के साफ और शुष्क रहने के आसार हैं। इससे राज्य में गर्मी का असर बढ़ना शुरू हो जाएगा।
इसी बीच, बुधवार सुबह शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप खिली रही। राजधानी शिमला में मौसम साफ रहने से लोगों को सुहावना मौसम देखने को मिला, जबकि ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और सिरमौर जैसे निचले और मैदानी इलाकों में हल्की उमस महसूस की गई। दूसरी ओर जनजातीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अब भी ठंड का असर बना हुआ है। लाहौल-स्पीति के केलांग में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है।
प्रदेश के अलग-अलग शहरों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो शिमला में 15.6 डिग्री, सुंदरनगर 16.9, भुंतर 12.3, कल्पा 6.4, धर्मशाला 13.8, ऊना 20.2, नाहन 17.7, पालमपुर 17.5, सोलन 15.2, मनाली 9.8, कांगड़ा 19.6, मंडी 17.3, बिलासपुर 21 डिग्री, चंबा 15.2, जुब्बड़हट्टी 18.2, कुफरी 10.6, कुकुमसेरी 5.7, सेओबाग 9 डिग्री, बरठीं 18.4, पांवटा साहिब 23, सराहन 12, देहरा गोपीपुर 20 और ताबो में 3.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 12.6 मिलीमीटर वर्षा कुकुमसेरी में हुई। इसके अलावा सेओबाग में 4.8 मिमी, रेणुका-ददाहू में 3.6 मिमी, गोंदला में 3.4 मिमी, सलोनी में 3.2 मिमी, धौलाकुआं में 1.5 मिमी, जोगिंदरनगर, संगड़ाह और चंबा में 1-1 मिमी, जबकि कल्पा में 0.2 और कोटखाई में 0.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया कि कांगड़ा और भुंतर में बिजली चमकने की घटनाएं भी हुईं, हालांकि कहीं से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय बना हुआ है और 15 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसी के चलते 16 मई तक मौसम खराब रहने की संभावना बनी हुई है, जबकि 18 मई से मौसम खुलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

