हिमाचल में 22 से 25 जून तक बारिश-आंधी का येलो अलर्ट, मानसून की चाल अब भी सुस्त
शिमला, 21 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मानसून की दस्तक का इंतजार लंबा होता दिख रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में 22 से 25 जून के बीच गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने में अभी कुछ और दिन लग सकते हैं। सामान्य तौर पर हिमाचल में मानसून 25 जून के आसपास प्रवेश करता है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार धीमी बनी हुई है। पिछले वर्ष मानसून ने 20 जून को ही प्रदेश में दस्तक दे दी थी।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा अरव सागर और पूर्वी भारत के हिस्सों से गुजर रही है। इसके अगले दो दिनों में महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ और क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। हालांकि हिमाचल तक इसके पहुंचने में अभी समय लग सकता है। यही वजह है कि इस बार जून के अंतिम दिनों में मानसून के प्रवेश की संभावना अधिक मानी जा रही है।
इस बीच प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ और अन्य स्थानीय मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से मौसम करवट ले सकता है। विभाग ने 22 से 25 जून के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इन चारों जिलों में चारों दिन येलो अलर्ट रहेगा।
शिमला जिले में 23, 24 और 25 जून को गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सिरमौर जिले में 24 और 25 जून को इसी तरह की चेतावनी दी गई है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, किन्नौर तथा लाहौल-स्पीति जिलों के लिए फिलहाल किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।
पूर्वानुमान के अनुसार 22, 23, 24 और 25 जून को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सप्ताह के अन्य दिनों में भी कहीं-कहीं हल्की वर्षा की संभावना बनी रहेगी। हालांकि शनिवार सुबह तक बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। साफ मौसम के कारण मैदानी और निचले इलाकों में तापमान बढ़ा है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रविवार सुबह प्रदेश में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान पांवटा साहिब में 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद नेरी 26.0, देहरा गोपीपुर 25.1, बिलासपुर 24.0, मंडी 22.2, ऊना 22.0, कांगड़ा 21.7, सुंदरनगर 21.6, हमीरपुर 21.5, जुब्बड़हट्टी 20.4, बरठीं 20.8, पालमपुर 20.0, नाहन 19.9, भुंतर और सोलन 18.6, सराहन 18.2, शिमला 17.0, सैंजोबाग 16.4, धर्मशाला और मशोबरा 15.4, मनाली और रिकांगपिओ 14.6, भरमौर 14.0, कुफरी 14.0, नारकंडा 12.3, कल्पा 11.0, ताबो 8.4, कुकुमसेरी 7.0 और केलांग में सबसे कम 6.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

