हिमाचल में मानसून सक्रिय, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, नेशनल हाईवे-5 पर भूस्खलन
शिमला, 29 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी भारी बारिश की संभावना जताते हुए कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इस बीच बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आई हैं। शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में नेशनल हाईवे-5 कुछ समय के लिए बाधित रहा।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश कांगड़ा जिले के पालमपुर में 112 मिलीमीटर दर्ज की गई। कांगड़ा में 105 मिलीमीटर, धर्मशाला में 82, रामपुर में 45, गूलेर में 42 व जोत में 41 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
राजधानी शिमला में पिछले दिन से बारिश का दौर कम रहा है। आज सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी कहीं बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई।
बारिश के कारण शिमला जिला के रामपुर उपमंडल के अंतर्गत डेट ज्यूरी के समीप नेशनल हाईवे-5 आज तड़के अवरुद्ध हो गया। पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण सड़क खोलने में परेशानी आई। एनएच प्राधिकरण की मशीनरी और कर्मचारी मार्ग बहाली में जुटे रहे। पूर्वाह्न करीब 11:00 बजे तक हाईवे को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया।
मौसम विभाग ने 31 जुलाई तक प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आज सिरमौर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट है, जबकि बिलासपुर, कांगड़ा और मंडी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 30 जुलाई को बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। ऊना, हमीरपुर, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 31 जुलाई को भी कुछ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट रहेगा। एक से चार अगस्त तक प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों के लिए फ्लैश फ्लड की चेतावनी भी जारी की है। लोगों को भूस्खलन और अचानक बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों से दूर रहने, नदी-नालों के किनारे नहीं जाने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में आज सभी शिक्षण संस्थान बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
प्रदेश में बारिश और भूस्खलन के कारण करीब 150 सड़कें बंद हैं। सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में मंडी, कुल्लू और चंबा जिले शामिल हैं। कई स्थानों पर बिजली ट्रांसफार्मर और पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। प्रशासन सड़क, बिजली और पेयजल सेवाओं को बहाल करने के लिए लगातार काम कर रहा है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में चंबा जिले में फ्लैश फ्लड की दो घटनाएं दर्ज की गईं। चंबा शहर के सुल्तानपुर क्षेत्र में फ्लैश फ्लड के कारण 28 मकान, एक दुकान और एक पशुशाला को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बहाली कार्यों में जुटी हुई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

